Indigo ने कैंसलेशन और रीशेड्यूल करने पर पूरी फीस माफ करने का ऐलान किया, कहा 'मुश्किलों के लिए सॉरी'
इंडिगो की उड़ान सेवाएं लगातार चौथे दिन बाधित रहीं, जिससे देश के कई प्रमुख हवाई अड्डों पर उड़ानों की बड़े पैमाने पर रद्द हुई. शुक्रवार को 1,000 से अधिक और उससे पहले 550 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुई थीं. हालांकि, इंडिगो ने अपने बयान में कहा कि ग्राहकों को रिफंड प्राप्त करने के लिए कोई अतिरिक्त कदम उठाने की आवश्यकता नहीं है.

नई दिल्ली : देश की सबसे बड़ी निजी एयरलाइन इंडिगो को शनिवार को लगातार चौथे दिन परिचालन संबंधी संकट का सामना करना पड़ा, जिससे देश के कई प्रमुख हवाई अड्डों पर उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. शुक्रवार को एयरलाइन को सबसे बड़ा झटका लगा था, जब एक ही दिन में 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं. गुरुवार को भी 550 से ज्यादा उड़ानें रद्द होने से यात्रियों में भारी असुविधा और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया.
तकनीकी कारणों से रद्द किया था उड़ान
आपको बता दें कि इंडिगो ने हाल ही में परिचालन के दबाव और तकनीकी कारणों के चलते कुछ उड़ानों को रद्द किया था, लेकिन लगातार चार दिनों तक यह स्थिति बनी रहने से यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई. सोशल मीडिया पर यात्रियों ने एयरलाइन के साथ-साथ हवाई अड्डों पर असुविधा का अनुभव साझा किया. यात्रियों की शिकायतें मुख्य रूप से उड़ान की समय सारिणी में बदलाव, लंबी प्रतीक्षा और हवाई अड्डों पर इंतजार करने को लेकर रही.
— IndiGo (@IndiGo6E) December 6, 2025
परिचालन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है
दिल्ली हवाई अड्डे ने शनिवार सुबह जानकारी दी कि इंडिगो का परिचालन अब धीरे-धीरे सामान्य होने की दिशा में बढ़ रहा है, हालांकि अभी पूरी तरह से स्थिरता नहीं लौटी है. एयरलाइन ने कई विमानों को पुनर्निर्धारित करके दबाव कम करने की कोशिश की है, लेकिन अभी भी कुछ प्रमुख सेक्टरों में उड़ानें रद्द करनी पड़ रही हैं. एयरलाइन अधिकारियों का कहना है कि परिचालन में अस्थिरता का असर यात्रियों पर पड़ा है, लेकिन आने वाले दिनों में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ जाएगी.
अन्य हवाई अड्डों पर भी स्थिति गंभीर
परिचालन संकट का असर अन्य राज्यों में भी साफ देखा गया. केरल के तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर तीन घरेलू आगमन और तीन प्रस्थान उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिससे स्थानीय यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों की तलाश करनी पड़ी. इसी तरह अहमदाबाद में भी स्थिति सामान्य नहीं रही. अधिकारियों ने बताया कि 6 दिसंबर की आधी रात से सुबह 6 बजे तक सात आगमन और बारह प्रस्थान उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. इससे सुबह की कई उड़ानें प्रभावित हुईं और यात्रियों को हवाई अड्डों पर लंबा इंतजार करना पड़ा.
ये हो सकते है इस समस्या के मुख्य कारण
इंडिगो प्रबंधन ने अभी तक परिचालन में लगातार बाधा का विस्तृत कारण साझा नहीं किया है. विशेषज्ञ मानते हैं कि तकनीकी कारण, विमान रखरखाव और फ्लाइट शेड्यूलिंग में चुनौतियाँ इस समस्या के मुख्य कारण हो सकते हैं. यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे अपने उड़ानों की स्थिति की पुष्टि एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से करें.
यात्री परेशान, उम्मीद जल्द सुधार की
हालांकि एयरलाइन का कहना है कि परिचालन जल्द पटरी पर आ जाएगा, यात्रियों के लिए यह चार दिन की अस्थिरता चिंता का विषय बनी हुई है. कई लोग अपने कार्य, व्यापार और निजी यात्राओं के लिए बाधित हुए हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले हफ्तों में इंडिगो को अपनी उड़ानों का पुनर्निर्धारण करके और तकनीकी संसाधनों को मजबूत करके परिचालन स्थिरता सुनिश्चित करनी होगी. इस स्थिति ने देश की हवाई यात्रा प्रणाली की कमजोरियों को भी उजागर किया है और एयरलाइन प्रबंधन पर यात्रियों की अपेक्षाओं को पूरा करने का दबाव बढ़ा दिया है.


