'प्यार हमसे और शादी मोदी जी से...'सदन में मल्लिकार्जुन खरगे ने किस सांसद को घेरा? PM भी नहीं रोक पाए हंसी

आज राजयसभा सत्र में गंभीर चर्चा के बीच मल्लिकार्जुन खरगे ने कुछ ऐसा बोला, जिसके वजह से सदन में बैठे सभी सांसद हंसने लगे. यहां तक की खुद प्रधानमंत्री मोदी भी अपनी हंसी रोक नहीं पाए.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: राज्यसभा के बुधवार के सत्र में गंभीर चर्चा के बीच अचानक हंसी-मजाक का दौर शुरू हो गया. जब नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा का जिक्र किया तो पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा. खरगे ने मजाकिया अंदाज में कहा कि देवगौड़ा ने प्यार तो हमसे किया, लेकिन शादी मोदी जी से कर ली.

खरगे का मजाकिया हमला

खरगे ने कहा, “मैं देवगौड़ा जी को 54 साल से जानता हूं. उनके साथ काम भी किया है, लेकिन मुझे क्या मालूम कि उन्होंने प्रेम हमारे साथ किया और शादी मोदी साहब के साथ कर ली. यह हाल ही में हुआ है.” उनकी इस टिप्पणी पर सदन में जोरदार हंसी छा गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस मजाक पर खूब हंसते नजर आए. माहौल एकदम हल्का-फुल्का हो गया.

पीएम मोदी ने की खरगे, देवगौड़ा और पवार की तारीफ

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने खरगे, एचडी देवगौड़ा और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) प्रमुख शरद पवार की खास तारीफ की. उन्होंने तीनों वरिष्ठ नेताओं को संसद के स्तंभ बताया. पीएम मोदी ने कहा, “ये ऐसे नेता हैं जिन्होंने अपने जीवन का आधा से ज्यादा समय संसदीय कार्यों में बिताया है. सदन में नियमित रूप से आना और निष्ठा के साथ काम करना वाकई अनुकरणीय है. नए सांसदों को इनसे सीख लेनी चाहिए.”

59 सांसदों को दी विदाई

प्रधानमंत्री मोदी राज्यसभा से सेवानिवृत्त हो रहे 59 सांसदों को विदाई दे रहे थे. उन्होंने संसद को ‘एक खुला विश्वविद्यालय’ बताया. उन्होंने कहा कि राजनीति में कभी फुल स्टॉप नहीं लगता. पीएम मोदी ने सेवानिवृत्त हो रहे सांसदों से अपील की कि वे राष्ट्रीय जीवन में अपना योगदान जारी रखें. उनका अनुभव देश के लिए हमेशा उपयोगी रहेगा.

रामदास अठावले पर भी कसा तंज

मजाकिया मूड में पीएम मोदी ने केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, “हमारे अठावले जी तो सदाबहार हैं. वे जा रहे हैं, लेकिन मुझे यकीन है कि सदन में कोई खालीपन महसूस नहीं होगा. वे लगातार सेवाएं देते रहेंगे.”

इस हल्के-फुल्के माहौल के बीच विदाई सत्र समाप्त हुआ. खरगे के मजाक और पीएम मोदी की मुस्कान ने पूरे सदन को एक पल के लिए राजनीति के तीखेपन से दूर कर दिया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो