हर हर महादेव की गूंज के बीच NDA बैठक में गरजे मोदी, विपक्ष को बताया आत्मघाती
संसद के मानसून सत्र के बाद एनडीए (NDA) संसदीय दल की पहली बड़ी बैठक सोमवार को नई संसद भवन में आयोजित हुई. बैठक की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गर्मजोशी भरे स्वागत से हुई, जहां 'हर हर महादेव' के नारों और तालियों की गूंज से माहौल गूंज उठा.

5 अगस्त को एनडीए (NDA) संसदीय दल की बैठक नई संसद भवन में आयोजित हुई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार ऑपरेशन सिंदूर के बाद सांसदों को संबोधित किया. इस बैठक में प्रधानमंत्री का ज़ोरदार स्वागत किया गया‘हर हर महादेव’ के नारों और तालियों की गूंज के साथ. पीएम मोदी ने जहां एक ओर एनडीए सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया, वहीं दूसरी ओर विपक्ष की रणनीति को लेकर तीखा कटाक्ष भी किया.
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने संसद के मानसून सत्र में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग कर "गंभीर गलती" की है. उन्होंने विपक्ष के इस कदम को "आत्म-क्षति" बताते हुए कहा कि “उन्होंने अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मार ली.
ऑपरेशन सिंदूर पर पीएम मोदी का सधा हुआ वार
एनडीए की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विपक्ष ने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग कर गलती कर दी. उन्हें इसका नुकसान संसद में बहस के दौरान उठाना पड़ा. उन्होंने अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मार ली.
पीएम मोदी ने आगे कहा कि विपक्ष की रणनीति आत्मघाती रही और बहस के दौरान उन्हें जनता के सामने जवाब देना मुश्किल हो गया.
ऑपरेशन सिंदूर-महादेव की सफलता पर प्रस्ताव पारित
बैठक में एनडीए सांसदों ने सर्वसम्मति से ऑपरेशन महादेव और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर एक प्रस्ताव पारित किया. इस प्रस्ताव में इन अभियानों को सुरक्षा और रणनीति के लिहाज़ से ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया गया. एनडीए के सभी सांसदों ने इन अभियानों में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए प्रधानमंत्री को बधाई दी.
पीएम मोदी से नए सांसदों का परिचय
बैठक में हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई. इसके अलावा, बैठक में नए निर्वाचित सांसदों का भी प्रधानमंत्री से औपचारिक परिचय कराया गया, जिनका स्वागत एनडीए परिवार के हिस्से के रूप में किया गया.


