पीएम मोदी आज करेंगे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन, 25 साल पुराना सपना हकीकत बना
25 साल पहले जेवर में एयरपोर्ट का जो सपना देखा गया था, वो आज हकीकत बनने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 11 बजे इसका उद्घाटन करेंगे. चार चरण पूरा होने के बाद नोएडा एयरपोर्ट एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन जाएगा.

पच्चीस वर्ष पहले जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने का जो सपना देखा गया था, वह शनिवार को हकीकत बनने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह करीब 11 बजे इस ऐतिहासिक परियोजना का उद्घाटन करेंगे. अधिकारियों के अनुसार चार चरण पूरे होने के बाद यह एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन जाएगा. इस मौके पर उत्तर प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य बन जाएगा जहां पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होंगे. प्रधानमंत्री टर्मिनल बिल्डिंग और रनवे का निरीक्षण करेंगे तथा एक विशाल जनसभा को संबोधित भी करेंगे.
जेवर एयरपोर्ट का लंबा विकास सफर
जेवर एयरपोर्ट के लिए सबसे पहले वर्ष 2001 में तत्कालीन मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह ने अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और एविएशन हब का प्रस्ताव पारित किया था. लंबे समय तक प्रस्ताव ठंडे बस्ते में पड़ा रहा. वर्ष 2010 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती के प्रयासों से रक्षा मंत्रालय से क्लियरेंस मिला, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट की निकटता का हवाला देकर मामला फिर अटक गया. इस दौरान एयरपोर्ट को आगरा स्थानांतरित करने के प्रयास भी हुए. केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद वर्ष 2014 से प्रयास तेज हो गए. वर्ष 2015 में अखिलेश यादव ने जेवर एयरपोर्ट शुरू करने की इच्छा जताई और यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी को 5000 करोड़ रुपये जारी किए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 नवंबर 2021 को जेवर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने के लिए शिलान्यास किया. अब यह परियोजना पूरी तरह तैयार है. नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने 6 मार्च 2026 को एयरपोर्ट के लिए एयरोड्रम लाइसेंस जारी कर दिया है.
उद्घाटन में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
उद्घाटन कार्यक्रम और जनसभा में सुरक्षा के लिए सात हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. कार्यक्रम स्थल के आसपास ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह रोक रहेगी. उत्तर प्रदेश बनेगा पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाला पहला राज्य. नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद उत्तर प्रदेश पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाला देश का पहला राज्य बन जाएगा. इस मौके पर प्रधानमंत्री के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू मौजूद रहेंगे.
अप्रैल अंत तक शुरू होंगी हवाई सेवाएं
नोएडा एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन अप्रैल अंत तक शुरू होने की संभावना है. यहां से 65 शहरों के लिए सेवा शुरू करने का दावा है. पहले चरण में देश के 10 शहरों के लिए सेवा शुरू होगी. शुरुआत में केवल घरेलू और कार्गो उड़ानें ही संचालित की जाएंगी.
-
चंडीगढ़
-
गोरखपुर
-
लखनऊ
-
वाराणसी
-
जयपुर
-
अहमदाबाद
-
मुंबई
-
हैदराबाद
-
बेंगलुरु
-
चेन्नई
प्रधानमंत्री ने साझा की एयरपोर्ट की तस्वीरें
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को नोएडा हवाई अड्डे की तस्वीरें एक्स पर साझा कीं. प्रधानमंत्री ने एक्स पोस्ट में कहा कि एनसीआर की कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा, जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन कल होगा.
एमआरओ हब की नींव रखेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री एयरपोर्ट परिसर में एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल) हब की भी नींव रखेंगे. नोएडा एयरपोर्ट परिसर में विमानों के रखरखाव के लिए बनने वाला यह पहला एमआरओ हब होगा. फिलहाल देश के विमानों में बड़ी तकनीकी और अन्य दिक्कतें आने पर मरम्मत के लिए विदेश पर निर्भर रहना पड़ता है.
दिल्ली एयरपोर्ट से सस्ती होगी विमान सेवा
नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले विमानों में यात्री किराया दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट के मुकाबले कम हो सकता है. दिल्ली एयरपोर्ट की अपेक्षा यहां से उड़ान भरने वाले विमानों को ईंधन सस्ती दर पर उपलब्ध होगा. निर्माण से पहले हुए समझौते में यूपी सरकार ने ईंधन पर एक फीसदी वैट लगाने का निर्णय लिया, जबकि दिल्ली एयरपोर्ट पर विमानों को ईंधन पर 25 फीसदी वैट देना पड़ता है.
जनसभा के लिए तीन पंडाल तैयार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन कार्यक्रम के लिए तीन पंडाल बनाए गए हैं. उनकी जनसभा में दो लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है. नोएडा एयरपोर्ट का पहला चरण 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किया गया है. प्रधानमंत्री टर्मिनल भवन का निरीक्षण कर जनसभा को संबोधित करेंगे. समारोह में यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे.
एक्सप्रेसवे पर मालवाहक वाहनों पर रात तक रोक
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के चलते शनिवार को ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और कार्यक्रम स्थल के आसपास के रास्तों पर सुबह सात से रात 11 बजे तक मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा. जेवर-टप्पल मार्ग पर गोपालगढ़ की ओर से जेवर की तरफ जाने वाले व्यावसायिक वाहनों को वापस टप्पल की ओर डायवर्ट किया जाएगा. वाहन टप्पल-पलवल होकर गंतव्य तक जा सकेंगे.
मेक माई ट्रिप पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज
मेक माई ट्रिप वेबसाइट और ऐप पर एयरपोर्ट की एंट्री नोएडा डीएक्सएन के नाम से दिखने लगी है. हालांकि, अभी टिकट बुकिंग शुरू नहीं हुई. इस प्रक्रिया में 45 दिन लगते हैं. इसके बाद उड़ानें शुरू हो सकेंगी.


