दिल्ली-NCR में फिर बदलेगा मौसम, UP-राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट

देश के कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ली है. दिल्ली, यूपी, राजस्थान समेत कई इलाकों में अगले 2-3 दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे तापमान में बदलाव आएगा.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: मार्च खत्म होने को है, लेकिन मौसम अभी भी अपने रंग बदल रहा है. गर्मी की शुरुआत के साथ जहां लोग पंखे और कूलर चलाने लगे थे, वहीं अब बारिश और ठंडी हवाओं ने फिर से मौसम को सुहाना बना दिया है. देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बादल, तेज हवाएं और बारिश लोगों को चौंकाने वाले हैं.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक राजधानी दिल्ली में रविवार को मौसम अचानक करवट ले सकता है. शनिवार को आसमान साफ रहेगा और तापमान सामान्य के आसपास रहेगा, लेकिन रविवार को गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी. सोमवार को भी हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि 31 मार्च के बाद मौसम साफ हो जाएगा. इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री के आसपास और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री के बीच रह सकता है.

आसपास के राज्यों में भी असर

दिल्ली के पड़ोसी राज्यों जैसे पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी 29 और 30 मार्च को मौसम का यही बदला हुआ रूप देखने को मिलेगा. इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जिनकी रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

पहाड़ी इलाकों में भी अलर्ट

मौसम का यह बदलाव पहाड़ी राज्यों में भी साफ नजर आएगा. हिमाचल प्रदेश में 29 और 30 मार्च को बारिश और गरज-चमक की संभावना है. वहीं उत्तराखंड में 29 से 31 मार्च तक येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी मौसम खराब रह सकता है. इसी बीच लद्दाख के जोजिला दर्रे में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां भारी हिमस्खलन की चपेट में आने से 6 लोगों की मौत हो गई और 5 अन्य घायल हो गए. राहत टीमों ने बर्फ में दबे वाहनों को निकालकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

यूपी और राजस्थान में भी बारिश का दौर

उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. 29 से 31 मार्च के बीच यहां कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. राजधानी लखनऊ में हाल ही में सामान्य से कम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान थोड़ा ज्यादा रहा. यहां हल्की बारिश भी दर्ज की गई है, जिससे मौसम में ठंडक बनी हुई है.

मध्य प्रदेश में भी बदलेगा मौसम

मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. ग्वालियर, रीवा, जबलपुर समेत कई क्षेत्रों में बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. यहां हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है, जबकि कुछ हिस्सों में मौसम सामान्य बना रह सकता है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो