'PAN PAN PAN'... मुंबई में इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, पायलट की सूझबूझ से बचीं 191 जानें

दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6271 को तकनीकी खराबी के चलते मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. उड़ान के दौरान इंजन में खराबी आने पर पायलट ने PAN PAN PAN सिग्नल भेजा और विमान को सुरक्षित उतार लिया गया. विमान में कुल 191 लोग सवार थे.

Shivani Mishra
Edited By: Shivani Mishra

IndiGo Flight: मुंबई एयरपोर्ट पर बुधवार रात दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6271 को बीच रास्ते में इंजन में तकनीकी खराबी के चलते इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. पायलट ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए रेडियो पर PAN PAN PAN का सिग्नल भेजा.

एयरबस A320neo विमान में कुल 191 लोग सवार थे. यह विमान दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गोवा के मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए रवाना हुआ था. लेकिन उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या आने पर उसे मुंबई डायवर्ट किया गया. राहत की बात यह रही कि सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं.

उड़ान के दौरान इंजन नंबर 1 में आई खराबी

मुंबई एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, जब विमान लगभग 100 नॉटिकल मील की दूरी पर भुवनेश्वर के उत्तर में उड़ रहा था, तभी पायलट ने "PAN PAN PAN" का ऐलान किया. एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, "पायलट ने इंजन नंबर 1 में खराबी के कारण PAN PAN PAN (एक आपातकालीन संदेश जो जानलेवा न हो लेकिन जरूरी हो) घोषित किया."

तकनीकी खराबी के चलते की गई डायवर्जन

एयरलाइन ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा, "16 जुलाई 2025 को दिल्ली से गोवा जा रही फ्लाइट 6E 6271 में उड़ान के दौरान एक तकनीकी समस्या पाई गई. तय प्रक्रिया के अनुसार विमान को डायवर्ट कर मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंड कराया गया."

समय रहते लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

रात करीब 9:32 बजे फ्लाइट क्रू ने मुंबई डायवर्जन की रिक्वेस्ट भेजी. एक अन्य अधिकारी ने बताया, "प्रोटोकॉल के अनुसार, लैंडिंग से पहले एम्बुलेंस और फायर टेंडर्स को स्टैंडबाय पर रखा गया था, जो विमान के साथ-साथ बे तक गए. फ्लाइट ने 9:53 बजे सुरक्षित लैंडिंग की, जो तय समय से दो मिनट पहले थी."

एयरलाइन ने जानकारी दी है कि अब इस फ्लाइट की जरूरी जांच और मेंटेनेंस की जाएगी. यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही है.

तकनीकी खामियों के बढ़ते मामले

इस घटना से पहले भी ऐसे कुछ मामले सामने आए हैं. बीते रविवार पुणे से दिल्ली जा रही स्पाइसजेट फ्लाइट को टेकऑफ से पहले तकनीकी खराबी के चलते उड़ान रद्द करनी पड़ी. यह फ्लाइट लगभग 9 घंटे की देरी से रात 9:05 बजे रवाना हुई.

यात्रियों ने बताया कि विमान रनवे की ओर टैक्सी करने के बाद अचानक रुक गया जिससे असमंजस और चिंता का माहौल बन गया. यात्रियों को एक घंटे तक फ्लाइट में रोके रखा गया, फिर उन्हें दोबारा शाम को बोर्ड कराया गया.

इसी तरह पिछले हफ्ते इंदौर से रायपुर जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E-7295 भी उड़ान के कुछ समय बाद तकनीकी गड़बड़ी के कारण वापस इंदौर लौट आई. विमान में 51 यात्री सवार थे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag