पीएम मोदी पंजाब में आदमपुर एयरपोर्ट का नाम गुरु रविदास के नाम पर रखेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पंजाब पहुंचेंगे. यहां पीएम मोदी आदमपुर हवाई अड्डे का नाम संत गुरु रविदास के नाम पर रखेंगे और लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे पर बने सिविल टर्मिनल का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पंजाब को दो अहम सौगातें देने जा रहे हैं. वे आदमपुर हवाई अड्डे का नाम संत गुरु रविदास के नाम पर रखेंगे और लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे पर बने सिविल टर्मिनल का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे. यह कार्यक्रम संत गुरु रविदास की 649वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसे सामाजिक समरसता और समानता के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है.
प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी बयान में क्या कहा गया?
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि संत गुरु रविदास ने अपने विचारों और शिक्षाओं से समाज को समानता, करुणा और मानवीय गरिमा का मार्ग दिखाया. उनके सम्मान में आदमपुर हवाई अड्डे का नाम बदलना एक सांस्कृतिक और सामाजिक संदेश भी देता है. यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री दोपहर करीब 2:30 बजे दिल्ली से रवाना होकर लगभग 3:45 बजे आदमपुर वायुसेना स्टेशन पहुंचेंगे.
आदमपुर में प्रधानमंत्री हवाई अड्डे के सिविल टर्मिनल का नाम औपचारिक रूप से ‘श्री गुरु रविदास जी हवाई अड्डा, आदमपुर’ घोषित करेंगे. इसके साथ ही वे हलवारा हवाई अड्डे के नए सिविल टर्मिनल भवन का ऑनलाइन माध्यम से उद्घाटन करेंगे. यह टर्मिनल लुधियाना और आसपास के औद्योगिक व कृषि क्षेत्रों के लिए हवाई संपर्क को मजबूत करेगा.
शाम को डेरा सचखंड बल्लन पहुंचेंगे पीएम मोदी
इसके बाद प्रधानमंत्री शाम करीब 4:30 बजे डेरा सचखंड बल्लन पहुंचेंगे, जहां वे एक जनसभा को संबोधित करेंगे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे शाम 5:25 बजे आदमपुर के लिए रवाना होंगे. प्रधानमंत्री की यात्रा को देखते हुए जालंधर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं. डेरा परिसर में अस्थायी हेलीपैड बनाया गया है और वैकल्पिक मार्गों को भी सुरक्षित किया गया है. एसपीजी, पंजाब पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है.
इस दौरे से पहले जालंधर में चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा और सख्त कर दी गई. हालांकि जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और पुलिस ने इन धमकियों को अफवाह बताया है. संत रविदास जयंती के कारण जिले के स्कूल पहले से बंद थे, जिससे स्थिति नियंत्रण में रही.
उधर, लगभग 30 साल बाद हलवारा हवाई अड्डे के संचालन की राह साफ हो गई है. नया टर्मिनल करीब 2,000 वर्ग मीटर में फैला है और प्रतिदिन लगभग 2,500 यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा. मार्च 2026 से यहां से नियमित उड़ानों के शुरू होने की उम्मीद है. इससे लुधियाना समेत पूरे मालवा क्षेत्र के उद्योग, व्यापार और निवेश को बड़ा लाभ मिलने की संभावना है.


