पंजाब के गुरदासपुर में भीषण सड़क हादसा, महिलाएं-बच्चे समेत 35 यात्री घायल; बस चालक मौके से फरार

पंजाब के गुरदासपुर जिले में आज शाम को एक भयानक सड़क हादसा देखने को मिला. अमृतसर-गुरदासपुर नेशनल हाईवे पर एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पलट गई, इस बस में करीब 35 यात्री सवार थे.

Sonee Srivastav

गुरदासपुर: पंजाब के गुरदासपुर जिले में बुधवार 8 अप्रैल की शाम को एक भयानक सड़क दुर्घटना हो गई. अमृतसर-गुरदासपुर नेशनल हाईवे पर बब्बरी सिविल अस्पताल के पास एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में बस सवार करीब 35 यात्री घायल हो गए.

बता दें कि ये बस पठानकोट से अमृतसर जा रही थी. चालक की तेज रफ्तार के कारण बस बेकाबू हो गई. अचानक ब्रेक लगाने पर बस डिवाइडर चढ़ गई और दूसरी तरफ जा कर पलट गई. इस दौरान बस एक टोयोटा कार के ऊपर गिर पड़ी.

बस और कार के परखच्चे उड़े

हादसा इतना जोरदार था कि बस और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. बस के परखच्चे उड़ गए और आसपास चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की और घायलों को बस से बाहर निकाला.

घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को गुरदासपुर के सिविल अस्पताल और निजी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है. अस्पताल में डॉक्टरों की टीम तुरंत सक्रिय हो गई और घायलों का इलाज शुरू कर दिया गया है. 

बस चालक फरार, पुलिस शुरू करेगी जांच

हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने बताया कि बस काफी तेज गति से आ रही थी. बब्बरी बाईपास के पास अचानक ब्रेक लगने से चालक संतुलन खो बैठा.

पुलिस अधिकारी तरजिंदर सिंह ने कहा कि हादसे की पूरी जांच की जाएगी और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. हादसे के 15 मिनट बाद क्रेन की मदद से बस को सीधा किया गया और हाईवे पर लगा जाम भी साफ किया गया.

यात्रियों की दर्दनाक स्थिति

घायल यात्री खून से लथपथ थे. कई यात्रियों ने बताया कि बस बहुत तेज चल रही थी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़ा करता है. तेज रफ्तार और लापरवाही से होने वाले ऐसे हादसों को रोकने के लिए सख्त नियमों की जरूरत है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो