'बंगाल को निशाना बनाने वाले जहन्नुम में जाएंगे, ममता बनर्जी का ईद पर BJP को अल्टीमेटम!

ईद-उल-फितर के पवित्र मौके पर कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर नमाज़ के बाद हुई विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जोशीले अंदाज़ में केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला. उन्होंने बंगाल की सौहार्दपूर्ण एकता की रक्षा का संकल्प दोहराते हुए विपक्ष पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाया.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां चरम पर हैं, ठीक उसी दौरान ईद-उल-फितर के मौके पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर मुस्लिम समुदाय को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा. नमाज के बाद दिए गए अपने जोशीले भाषण में ममता ने कहा कि बंगाल को छेड़ने वालों को जहन्नुम में जाना पड़ेगा. मंच पर उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी सहित तृणमूल कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.

यह संबोधन ऐसे समय में आया है जब विशेष गहन सत्यापन (SIR) प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची से कई नाम कटने के मुद्दे पर राज्य सरकार और केंद्र के बीच तनाव चरम पर है. ममता बनर्जी ने इसे लोकतंत्र पर हमला करार देते हुए अपनी लड़ाई जारी रखने का ऐलान किया और कहा कि वे बंगाल के हर समुदाय के अधिकारों की रक्षा के लिए दिल्ली से कोलकाता तक, हाई कोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक हर जगह लड़ेंगी.

रेड रोड पर ईद की नमाज के बाद तीखा हमला

ईद-उल-फितर पर रेड रोड पर लोगों के नमाज पढ़ने के बाद ममता बनर्जी ने कहा, SIR में लोगों के नाम काट दिए गए. मैं इसके लिए कोलकाता से दिल्ली, कलकत्ता हाई कोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक गई. मुझे उम्मीद है कि लोगों के अधिकार सुरक्षित रहेंगे. मैं बंगाल में सभी जातियों, समुदायों और पंथों के साथ खड़ी हूं. मैं यह लड़ाई जारी रखूंगी. हम मोदी जी को अपने अधिकार नहीं छीनने देंगे.

प्रधानमंत्री पर सीधा निशाना

ममता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा, आप हमारी सरकार को जबरदस्ती कंट्रोल करने की कोशिश कर रहे हैं. आप प्रेसिडेंट रूल लगाना चाहते हैं. फिर भी हम डरेंगे नहीं. जो डरते हैं, वो मरते हैं. जो लड़ते हैं, वो जिंदगी में कामयाब होते हैं. BJP चोरों और गुंडों की पार्टी है. गद्दारों की पार्टी है. कुछ गद्दार ऐसे भी हैं जो वोट बांटने के लिए BJP से पैसे लेते हैं. उनसे मैं कहूंगी- मुद्दई लाख बुरा चाहे तो क्या होता है, वही होता है जो मंजूरें खुदा होता है.

जोशीले नारे और कविताओं का सहारा

ममता ने आगे कहा, सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, देखना है जोर कितना बाजू-ए-कातिल में है. अल्लाह आपका भला करे. भारत और बंगाल की समृद्धि हो. पश्चिम बंगाल को निशाना बनाने वालों को जहन्नुम में जाना चाहिए. खुदी को कर बुलंद इतना कि हर तकदीर से पहले, खुदा बंदे से खुद पूछे, बता तेरी रजा क्या है. हमारा सिर्फ एक ही इरादा है-बीजेपी को हटाना और राष्ट्र को बचाना.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो