चुनाव से पहले बांटे 'गिफ्ट, वोट नहीं मिलने पर जनता से छीने कुकर-पैसे; क्या ये है कांग्रेस की असली राजनीति?

तेलंगाना में हुए नगर निकाय चुनाव के दौरान एक ऐसा मामले सामने आया, जिसे देख हर कोई हैरान रह गया. यहां एक कांग्रेस प्रत्याशी ने वोट न मिलने पर लोगों से दिए गए गिफ्ट वापस मांग लिए.

Sonee Srivastav

Telangana Municipal Elections 2026: चुनाव के मौसम में उम्मीदवार वोट हासिल करने के लिए तरह-तरह के तरीके अपनाते हैं. कई बार वे लोगों को रिझाने के लिए नकद, शराब या घरेलू सामान जैसे उपहार बांटते हैं, लेकिन तेलंगाना में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सबको हैरान कर दिया. यहां एक कांग्रेस प्रत्याशी ने वोट न मिलने पर लोगों से दिए गए गिफ्ट वापस मांग लिए. यह घटना चुनावी नैतिकता पर सवाल खड़े करती है.

वोट न मिलने पर फूटा गुस्सा

तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले में अश्वराओपेटा नगरपालिका के 10वें वार्ड से कांग्रेस के उम्मीदवार ने चुनाव प्रचार के दौरान लोगों को पैसे और प्रेशर कुकर जैसे सामान बांटे थे. उनका मकसद वोट हासिल करना था, लेकिन 11 फरवरी 2026 को हुए मतदान में उन्हें उम्मीद के मुताबिक समर्थन नहीं मिला. नतीजे आने के बाद निराशा में उन्होंने उन लोगों से संपर्क किया, जिन्होंने उन्हें वोट नहीं दिया. उन्होंने उनसे बांटे गए पैसे और कुकर वापस लौटाने की मांग की. 

इस व्यवहार से प्रभावित लोग काफी नाराज हुए. उन्होंने कहा, "हमने तो कोई गिफ्ट मांगा ही नहीं था. आपने खुद अपनी मर्जी से दिया और अब अपमान कर रहे हैं?" इस घटना ने इलाके में खलबली मचा दी. लोग इसे प्रत्याशी की छोटी सोच और अपमानजनक हरकत मान रहे हैं. 

कानून के खिलाफ है उपहार बांटना

भारत निर्वाचन आयोग के साफ नियम हैं कि चुनाव के दौरान कोई भी उम्मीदवार या पार्टी वोटरों को पैसे, उपहार या कोई महंगा सामान नहीं दे सकती. ऐसा करना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है. अगर कोई पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ जुर्माना लग सकता है. कई मामलों में नामांकन भी रद्द किया जा सकता है.

यह नियम इसलिए बनाए गए हैं ताकि चुनाव निष्पक्ष रहें और गरीब व मतदाता पैसे या लालच में न पड़ें, लेकिन कई प्रत्याशी इन नियमों को तोड़ते हुए गिफ्ट बांटते हैं. तेलंगाना की इस घटना से साफ दिखता है कि ऐसे कृत्य न सिर्फ कानून तोड़ते हैं, बल्कि जनता का अपमान भी करते हैं. 

तेलंगाना नगर निकाय चुनाव

बता दें कि तेलंगाना में 11 फरवरी 2026 को राज्य भर में नगर निकाय चुनाव हुए. इनमें 7 नगर निगमों और 116 नगर पालिकाओं के लिए वोट डाले गए. चुनाव आयोग के अनुसार, कुल 52 लाख से ज्यादा मतदाताओं में से 73.01 प्रतिशत ने मतदान किया. यह अच्छी भागीदारी दर्शाती है. मतदान शांतिपूर्ण रहा और कुछ छोटी घटनाओं को छोड़कर सब कुछ सुचारु रूप से चला.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag