बंगाल चुनाव से पहले टेनिस के दिग्गज लिएंडर पेस BJP में हुए शामिल, ममता का साथ छोड़ PM मोदी का थामा हाथ
आज भारतीय टेनिस के दिग्गज लियेंडर पेस ने TMC का साथ छोड़ BJP का दामन थाम लिया है. उन्होंने नई दिल्ली में पार्टी की सदस्यता ली. इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता वहां मौजूद रहे.

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय टेनिस के दिग्गज लियेंडर पेस ने मंगलवार 31 मार्च 2026 को भाजपा का दामन थाम लिया है. पार्टी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की. नई दिल्ली में पेस ने पार्टी की सदस्यता ली. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
पेस का राजनीतिक सफर
लियेंडर पेस भारत के सबसे सफल टेनिस खिलाड़ियों में से एक हैं. उन्होंने डेविस कप में देश का प्रतिनिधित्व किया और ओलंपिक में भी पदक जीता. 2021 में उन्होंने ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) जॉइन की थी, लेकिन अब उन्होंने भाजपा का साथ चुना है. यह बदलाव पश्चिम बंगाल की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है.
#WATCH | Delhi: Former ace Tennis star Leander Paes joins the BJP, in the presence of Union Ministers Kiren Rijiju and Sukanta Majumdar. pic.twitter.com/qIDW1OovWz
— ANI (@ANI) March 31, 2026
कांग्रेस नेता राहुल गांधी का आरोप
इसी दिन लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केरल विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया. कन्नूर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को जिताना चाहते हैं.
राहुल गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस की अगुवाई वाला यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) इस चुनाव में वाम मोर्चा और भाजपा की मिली-जुली ताकतों से लड़ रहा है. उन्होंने कहा, “यह चुनाव दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई है. और वो विचारधारा है सीपीआई(एम) के नेतृत्व वाला लेफ्ट फ्रंट और यूडीएफ. पहली बार भाजपा और लेफ्ट फ्रंट के बीच गठबंधन देखने को मिल रहा है,”
रैली में यूडीएफ के समर्थन से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे दो पूर्व सीपीआई(एम) नेता वी. कुन्हिकृष्णन और टी.के. गोविंदन भी मंच पर मौजूद थे.
असम में भाजपा का घोषणा-पत्र
इसी दिन केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने असम विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणा-पत्र जारी किया. ‘संकल्प पत्र’ में लगभग 31 वादे किए गए हैं. इनमें बांग्लादेशी घुसपैठियों से अतिक्रमित भूमि वापस लेना, समान नागरिक संहिता लागू करना, मूल निवासियों की भूमि, विरासत और सम्मान की रक्षा करना तथा राज्य में 5 लाख करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश शामिल हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि असम में भाजपा-एनडीए hat-trick के लिए सब कड़ी मेहनत कर रहे हैं. तो वहीं लियेंडर पेस जैसे लोकप्रिय खेल व्यक्तित्व का भाजपा में शामिल होना पार्टी को पश्चिम बंगाल में नई ऊर्जा दे सकता है.


