योगी सरकार का पत्रकारों को सुपर गिफ्ट! UP में पत्रकारों को मान्यता के साथ मिलेगा कैशलेस इलाज

सीएम योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों के कल्याण के लिए एक अहम घोषणा की है. कार्यकारिणी को शपथ समारोह में उन्होंने कहा कि सही और मान्यता प्राप्त पत्रकारों को प्रमाणपत्र और आई कार्ड दिए जाएंगे.

Sonee Srivastav

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों के कल्याण के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है. उन्होंने कहा कि सही और मान्यता प्राप्त पत्रकारों को प्रमाणपत्र और आई कार्ड दिए जाएंगे. इससे उनकी पहचान आसानी से हो सकेगी और कहीं भी जाने पर कोई समस्या नहीं होगी. साथ ही सरकार उन्हें कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा से जोड़ने जा रही है.

सीएम योगी ने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज उठाते हैं, लेकिन जब वे बीमार पड़ते हैं तो उनकी मदद के लिए कोई आगे नहीं आता. ऐसी स्थिति में सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से मिलें. कैशलेस सुविधा से इलाज में कोई आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा.

गोरखपुर में दी गई नई कार्यकारिणी को शपथ

यह ऐलान सोमवार को गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में किया गया. मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे. महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई. इनमें अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी, उपाध्यक्ष धनेश कुमार, महामंत्री पंकज श्रीवास्तव समेत अन्य सदस्य शामिल हैं.

मीडिया के सभी रूपों में समन्वय जरूरी

सीएम योगी ने पत्रकारिता की चुनौतियों पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि आज प्रिंट, विजुअल, डिजिटल और सोशल मीडिया सभी रूप मौजूद हैं. इनके बीच समन्वय होना चाहिए. एक ही खबर को अलग-अलग तरीके से पेश करने से जनता में भ्रम फैलता है. इसलिए सभी को एक जैसे मानकों और मूल्यों का पालन करना चाहिए.

उन्होंने जोर देकर कहा कि पत्रकारिता को बेलगाम नहीं होने देना चाहिए. इसका मूल उद्देश्य राष्ट्र सेवा और समाज सेवा होना चाहिए. आलोचना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन इसे व्यक्तिगत दुश्मनी में नहीं बदलना चाहिए.

हिंदी पत्रकारिता पर याद की गई विरासत

मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि इस वर्ष हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे हो रहे हैं. 30 मई 1826 को कोलकाता से 'उदंत मार्तंड' का प्रकाशन शुरू हुआ था. तब देश गुलाम था, लेकिन पत्रकारिता ने स्वतंत्रता की लड़ाई में बड़ी भूमिका निभाई. महात्मा गांधी, बाल गंगाधर तिलक और अन्य नेताओं ने भी पत्रकारिता के जरिए जनता को जागरूक किया.

सीएम योगी ने कहा कि सच्ची पत्रकारिता जन विश्वास का प्रतीक होती है. सही तथ्यों पर आधारित खबरें समाज को मजबूत बनाती है. विघटनकारी ताकतों के सामने भी पत्रकारिता को सत्य की राह पर चलना चाहिए.

सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति

सरकार अपराध और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर अडिग है. पत्रकारों के लिए आवासीय योजनाएं भी चल रही है. मान्यता प्राप्त पत्रकारों को पहले से ही कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल रहा है और अब इसे और मजबूत किया जाएगा. इस मौके पर प्रेस क्लब अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी ने स्वागत किया. कार्यक्रम का संचालन गजेंद्र त्रिपाठी और प्रेम पराया ने किया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो