मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वकीलों, डॉक्टरों, टीचर्स और पत्रकारों को दिया बड़ा तोहफा, जल्द मिलेगा फ्लैट
आज लखनऊ में सीएम योगी ने कई महत्वपूर्ण बातें की है. उन्होंने वकीलों, डॉक्टरों, टीचर्स और पत्रकारों को आवास देने की बात की है. उन्होंने कहा कि गरीबों के साथ-साथ इन्हे भी जल्द घर दिया जाएगा.

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में सोमवार को एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम हुआ, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत बड़ी संख्या में लोगों को घर बनाने की मदद दी. उन्होंने 92,098 लाभार्थियों के बैंक खातों में पहली किस्त के रूप में कुल 900 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए. यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए पहुंचाई गई, ताकि गरीब परिवारों को पक्का मकान बनाने में आसानी हो.
गरीबों के साथ विशेष वर्गों को भी मिलेगा लाभ
सीएम योगी ने इस मौके पर कहा कि उत्तर प्रदेश में हर गरीब का अपना घर होना चाहिए. उन्होंने घोषणा की कि माफिया के कब्जे से मुक्त कराई गई सरकारी जमीनों पर हाईराइज इमारतें बनाई जाएंगी. इनमें गरीबों के अलावा प्रदेश के वकीलों, डॉक्टरों, शिक्षकों और पत्रकारों के लिए भी सस्ते और उपलब्ध आवास बनाए जाएंगे. उन्होंने खास तौर पर पत्रकारों का जिक्र किया.
सीएम बोले कि पत्रकार दिन-रात खबरों के लिए भटकते रहते हैं. अगर हर जिले में उनके लिए सस्ते मकान उपलब्ध हो जाएं, तो कम से कम उनका अपना ठिकाना तो होगा. उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों और नगर विकास विभाग को निर्देश दिए कि यह सुविधा हर जिले में पहुंचाई जाए. इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा.
माफिया की जमीनों का इस्तेमाल और सख्त कार्रवाई
योगी आदित्यनाथ ने पुरानी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले माफियाओं ने सरकारी जमीनों पर कब्जा कर लिया था. अब उन जमीनों को मुक्त कराकर गरीबों और जरूरतमंदों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है. यदि जरूरत पड़ी तो माफियाओं की अपनी संपत्ति भी जब्त की जाएगी और योजना को आगे बढ़ाया जाएगा. उन्होंने कहा कि जिन्होंने गरीबों का शोषण किया, उन्हें ब्याज समेत हिसाब चुकाना होगा.
CM योगी ने कई महिला लाभार्थियों से की बातचीत
कार्यक्रम में सीएम योगी ने कई महिला लाभार्थियों से बातचीत की. उन्होंने बताया कि आज उत्तर प्रदेश देश के विकास का इंजन बन गया है. सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा, महिलाओं और हर वर्ग के लिए काम कर रही है.
जब वंचित, दलित और पिछड़े लोगों को योजनाओं का लाभ मिलता है, तो उनकी आमदनी बढ़ती है और राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है. सीएम ने याद दिलाया कि 2017 से पहले गरीबों को राशन तक नहीं मिल पाता था और प्रदेश बीमारू राज्य कहलाता था.


