‘भागो पुलिस आ गई...’ स्कूल के पास चल रहा था सेक्स रैकेट, 300-300 रुपये में करते थे सौदा
फिरोजाबाद के आजाद नगर में थाना लाइनपार पुलिस ने छापा मारकर कथित देह व्यापार का खुलासा किया. एक मकान से दो महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया गया. मुख्य आरोपी के पास से 4800 रुपये बरामद हुए. मामला दर्ज कर जांच जारी है.

फिरोजाबाद: फिरोजाबाद के आजाद नगर इलाके में पुलिस की कार्रवाई ने पूरे क्षेत्र में हलचल मचा दी. थाना लाइनपार पुलिस ने एक मकान पर छापा मारकर कथित सेक्स रैकेट का खुलासा किया. खास बात यह है कि जिस घर में यह गतिविधि चल रही थी, उसके पास एक स्कूल भी स्थित है. इस वजह से स्थानीय लोगों में और भी चिंता बढ़ गई है.
पुलिस के अनुसार, थाना लाइनपार के प्रभारी निरीक्षक रमित कुमार आर्य को सूचना मिली थी कि आजाद नगर के एक घर में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की. जैसे ही पुलिस ने घर में प्रवेश किया, वहां अफरा-तफरी मच गई.
भागने की कोशिश नाकाम
बताया गया है कि घर के बरामदे में बैठी एक महिला ने पुलिस को देखते ही शोर मचाना शुरू कर दिया और अंदर मौजूद लोगों को सतर्क करने लगी. इसी दौरान कमरे से दो युवक आपत्तिजनक हालत में बाहर की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया.
वहीं, एक अन्य महिला को भी महिला पुलिसकर्मियों ने मौके से हिरासत में ले लिया. छापेमारी के दौरान जिस महिला को मुख्य संचालिका बताया जा रहा है, उसे भी पुलिस ने गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान उसके पास से 4,800 रुपये बरामद किए गए. पुलिस का कहना है कि यह रकम ग्राहकों से वसूली गई थी.
पैसों के बदले कराया जाता था काम
पूछताछ में मुख्य आरोपी महिला ने स्वीकार किया कि वह अपने घर से ही यह अवैध काम चला रही थी. उसने बताया कि ग्राहकों से 300-300 रुपये लिए जाते थे. पकड़े गए दो युवकों को ग्राहक बताया गया है. दूसरी महिला, जो थाना रसूलपुर क्षेत्र की रहने वाली है, को इस काम के लिए बुलाया गया था. उसने पुलिस के सामने अपनी मजबूरी का हवाला देते हुए इस धंधे में शामिल होने की बात कही.
पुलिस ने पूरे मामले पर क्या कहा?
इस पूरे मामले पर सीओ सिटी फिरोजाबाद प्रवीण तिवारी ने कहा कि गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम और बीएनएस की धारा 296 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने साफ कहा कि शहर में इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों की जानकारी जुटा रही है. अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी.


