पत्नी और दोस्त की हत्या कर फरार हुआ पति, पुलिस जांच में जुटी

गाजियाबाद से एक सनसनीखेज डबल मर्डर केस आया है. जहां पत्नी और उसके दोस्त के बीच अवैध संबंध का शक हो जाने पर पति ने दोनों की हत्या कर दी. अब पुलिस आरोपी पति की तलाश में तेजी से छापेमारी कर रही है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

गाजियाबाद के लोनी इलाके में बीती रात एक दिल दहला देने वाली डबल मर्डर की घटना ने पूरे इलाके को सन्नाटे में डाल दिया. ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के रामपार्क मोहल्ले में एक पति ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या से कुछ देर पहले तक तीनों एक ही कमरे में बैठकर साथ डिनर कर रहे थे. आरोपी पति राशिद को अपनी 36 वर्षीय पत्नी शबनम और अपने दोस्त फहीम के बीच अवैध संबंधों का शक था, जिसके चलते घर में लंबे समय से तनाव चल रहा था.

डिनर के दौरान हुई बेरहमी से हत्या

बीती रात करीब 12:40 बजे पुलिस को सूचना मिली कि राशिद के घर में झगड़ा हो रहा है. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का मंजर देखकर सब हैरान रह गए. सोफे पर शबनम की लाश खून से लथपथ पड़ी थी, जबकि पास ही फहीम का शव भी पड़ा हुआ था. दोनों के सिर में गोली मारी गई थी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राशिद मौके से फरार हो गया.

फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी समेत आला अधिकारी भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे. शुरुआती जांच में पता चला कि बातचीत के दौरान अचानक विवाद बढ़ गया और राशिद ने आपा खोकर अवैध हथियार से दोनों को मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

आरोपी राशिद की तलाश में चार टीमें लगीं

डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि आरोपी राशिद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है. पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. परिजनों से तहरीर लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. इस डबल मर्डर के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है. पुलिस का दावा है कि आरोपी राशिद को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो