अमित शाह पर टिप्पणी मामले में सुल्तानपुर कोर्ट में राहुल गांधी की पेशी, बोले- आरोप राजनीतिक

अमित शाह पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में राहुल गांधी सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश हुए. उन्होंने आरोपों को राजनीतिक बताया. अदालत ने सफाई साक्ष्यों के लिए अगली सुनवाई 9 मार्च तय की है.

Shraddha Mishra

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को सुल्तानपुर की अदालत में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े मामले में अपना बयान दर्ज कराने पहुंचे. अदालत में पेशी के बाद राहुल गांधी ने साफ कहा कि उन पर लगाए गए आरोप राजनीतिक हैं. जिले की एमपी-एमएलए कोर्ट ने राहुल गांधी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर बयान देने के लिए 20 फरवरी की तारीख तय की थी. 

इससे पहले कई बार गैर-हाजिर रहने पर अदालत ने कड़ा रुख अपनाया था और इसे अंतिम अवसर बताया था. निर्धारित तारीख पर राहुल गांधी करीब आधे घंटे तक अदालत में मौजूद रहे. उनके वकील काशी प्रसाद शुक्ला ने बताया कि अदालत ने आगे की कार्यवाही के लिए 9 मार्च की तारीख तय की है, जब सफाई के साक्ष्यों पर सुनवाई होगी. सुनवाई के दौरान वादी पक्ष के अधिवक्ता संतोष पांडेय भी मौजूद रहे.

क्या है पूरा मामला?

यह मामला कर्नाटक में आयोजित एक प्रेस वार्ता से जुड़ा है. आरोप है कि उस दौरान राहुल गांधी ने ऐसी टिप्पणी की, जिसे भाजपा नेता और जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष विजय मिश्र ने मानहानि माना. इसी आधार पर उन्होंने अदालत में परिवाद दायर किया. मामला फिलहाल एमपी-एमएलए कोर्ट में विचाराधीन है. राहुल गांधी इससे पहले 26 जुलाई 2024 को भी इस केस में अदालत में पेश हो चुके हैं. हालांकि, बाद की कई तारीखों पर उनकी अनुपस्थिति को लेकर अदालत ने नाराजगी जताई थी.

पहले भी मिल चुका है निर्देश

19 जनवरी को भी राहुल गांधी के गैर-हाजिर रहने पर अदालत ने सख्त रुख अपनाया था. उसी दौरान 20 फरवरी को अंतिम अवसर देते हुए उन्हें व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था. अदालत ने स्पष्ट किया था कि यदि वे उपस्थित नहीं होते, तो आगे कड़ी कार्रवाई की जा सकती है.

राहुल गांधी चार्टर विमान से अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग के जरिए सुल्तानपुर पहुंचे. तय कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह करीब 10:50 बजे दीवानी न्यायालय पहुंचे. बयान दर्ज कराने के बाद वे सीधे लखनऊ के लिए रवाना हो गए. अब इस मामले में अगली सुनवाई 9 मार्च को होगी. उस दिन बचाव पक्ष अपने साक्ष्य प्रस्तुत करेगा. फिलहाल अदालत की प्रक्रिया जारी है और दोनों पक्ष अपने-अपने तर्क रख रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag