कान में इयरबड, हाथ में तमंचा, सिर के दो टुकड़े… प्रयागराज में 22 वर्षीय ITI छात्र की संदिग्ध मौत

प्रयागराज के घूरपुर क्षेत्र में 22 वर्षीय आईटीआई छात्र साहिल की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई. वह स्कूल के कमरे में मृत मिला. हाथ में तमंचा और कान में इयरबड मिला. पुलिस आत्महत्या समेत सभी पहलुओं से जांच कर रही है.

Shraddha Mishra

प्रयागराज: प्रयागराज में एक 22 वर्षीय आईटीआई छात्र की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. सुबह जब स्कूल परिसर के एक कमरे में उसका शव मिला, तो वहां अफरा-तफरी मच गई. शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या की ओर इशारा करता दिख रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से पड़ताल कर रही है.

यह मामला घूरपुर थाना क्षेत्र के चक गौरीशंकर नीबी गांव का है. मृतक साहिल, लालपुर थाना क्षेत्र के गोबरा तरहार गांव का रहने वाला था और उसके पिता रेवती रमण शुक्ला किसान हैं. वह अपने फूफा लक्ष्मीकांत तिवारी उर्फ अनिल तिवारी के गांव में स्थित एक निजी स्कूल में रहकर पढ़ाई कर रहा था. शुक्रवार सुबह स्कूल के कमरे में उसका खून से सना शव मिला. 

कमरे के अंदर क्या मिला?

पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो साहिल कुर्सी पर बैठा मिला. उसके एक हाथ में 315 बोर का तमंचा था, जिसमें खाली खोखा फंसा हुआ था. उसके सामने एक दूसरी कुर्सी पर पैर टिके थे और पास में एक जिंदा कारतूस भी रखा था. उसके माथे पर बेहद नजदीक से गोली लगने के निशान पाए गए, जिसके कारण साहिल के सिर का एक हिस्सा निकलकर जमीन पर पड़ा था. 

घटना की स्थिति को देखकर मामला गंभीर प्रतीत हुआ. बताया गया कि साहिल के कान में इयरबड लगा था. इससे आशंका जताई जा रही है कि गोली चलने से पहले वह किसी से बात कर रहा हो सकता है. इसी वजह से पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल की भी जांच कर रही है.

पुलिस को आत्महत्या का शक

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी कौंधियारा अब्दुल सलाम खान पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे. कमरे की बारीकी से जांच की गई और फ़ॉरेंसिंक टीम ने जरूरी साक्ष्य एकत्र किए. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पहली नजर में मामला आत्महत्या जैसा लग रहा है. हालांकि, किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है. हथियार की जांच, मोबाइल रिकॉर्ड और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी.

परिवार पर टूटा दुख का पहाड़

साहिल की असमय मौत से उसके परिवार और गांव में शोक का माहौल है. परिजन घटना को लेकर सदमे में हैं और सच सामने आने की उम्मीद कर रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag