महाराष्ट्र में मानसून की दस्तक, यूपी और बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें अपने राज्य का हाल
उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, केरल और तमिलनाडु सहित कई राज्यों में मध्यम से भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है. इस मौसमी बदलाव के दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार से हवाएं चलेंगी.

नई दिल्ली: भारत के कई हिस्सों में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और लू के सितम के बीच मौसम विज्ञान विभाग ने एक राहत भरी चेतावनी जारी की है. मौसम वैज्ञानिकों के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 12 घंटों के भीतर देश के 17 राज्यों के मौसम में बड़ा उलटफेर होने वाला है.
उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, केरल और तमिलनाडु सहित कई राज्यों में मध्यम से भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है. इस मौसमी बदलाव के दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार से हवाएं चलेंगी. जिससे लोगों को चिलचिलाती धूप से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
पहाड़ी राज्यों में बिगड़ेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून देश में तेजी से कदम बढ़ा रहा है. इसने अब तक महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश के साथ-साथ पूर्वोत्तर भारत के एक बड़े हिस्से को अपने घेरे में ले लिया है.
7 दिनों तक अलर्ट जारी
अगले एक हफ्ते यानी 7 दिनों तक केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर के राज्यों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहेगा. इसके साथ ही, अगले 2 से 5 दिनों में मानसून के छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा और महाराष्ट्र के बचे हुए हिस्सों में सक्रिय होने की उम्मीद है. हालांकि, पहाड़ी राज्यों और पूर्वोत्तर के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया गया है. जिससे वहां भूस्खलन और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा है.
फिर तपेगी राजधानी
देश की राजधानी दिल्ली में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है. रविवार को दिनभर करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. जिससे अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है. लेकिन यह राहत बेहद कम समय के लिए है.
8 जून को तापमान 41 डिग्री
8 और 9 जून को दिल्ली का आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा जिसके कारण धूप तीखी होगी और पारा तेजी से चढ़ेगा. अनुमान है कि 8 जून को तापमान 41 डिग्री और 9 जून को 42 डिग्री तक पहुंच जाएगा. इसके बाद 8 से 12 जून के बीच दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में भीषण लू का प्रकोप देखने को मिलेगा.
पश्चिम में लू का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के मौसम में भी इस समय दोहरी स्थिति देखने को मिल रही है. मौसम विभाग ने आज पूर्वांचल के कई जिलों जैसे वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, अमेठी और अयोध्या में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने का अलर्ट जारी किया है.
फिर से बारिश का दौर
पूर्वी यूपी में 10 से 12 जून के बीच फिर से बारिश का दौर आ सकता है. जबकि 9 और 10 जून को यहां लू चलने की आशंका है. दूसरी तरफ, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में 9 से 11 जून तक भीषण लू का रेड अलर्ट है. जिसके बाद आगामी 11 और 12 जून को तेज हवाओं के साथ बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी.


