6 दिन पहले केरलम पहुंचेगा मानसून, लेकिन महाराष्ट्र में पारा 45°C होगा पार; दिल्ली-यूपी समेत बाकी राज्यों का जानें मौसम का हाल
इस साल मानसून केरल में 26 मई को छह दिन पहले पहुंचने वाला है, लेकिन अल नीनो के कारण पूरे मानसून सीजन में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है.

नई दिल्ली: देश में इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से पहले पहुंचने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, केरलम में मानसून 26 मई को दस्तक देगा, जो सामान्य तारीख से छह दिन पहले है. सामान्य रूप से मानसून केरलम में 1 जून को आता है.
इस साल 26 मई को इसके आने की संभावना है, हालांकि चार दिन पहले या बाद में आने की गुंजाइश है. पिछले साल यह 24 मई को पहुंचा था. मानसून के उत्तर की ओर बढ़ने के साथ ही गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
महाराष्ट्र में भीषण गर्मी
देश के कई हिस्सों में अभी भी प्रचंड गर्मी का कहर जारी है. महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित है. अकोला में तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि जलगांव, वर्धा और अमरावती में भी पारा 45 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया. राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी तापमान 40 डिग्री के पार चल रहा है.
दिल्ली-यूपी में हीटवेव का अलर्ट
दिल्ली में आज आसमान साफ रहेगा और तेज धूप लोगों को परेशान करेगी. अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है.
इस साल कम बारिश की आशंका
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस साल जून से सितंबर तक मानसून सीजन में सामान्य से कम वर्षा हो सकती है. औसतन 87 सेमी बारिश की जगह सिर्फ 80 सेमी बारिश होने की संभावना है. इसकी मुख्य वजह अल नीनो का प्रभाव माना जा रहा है.
अल नीनो के कारण प्रशांत महासागर का पानी गर्म हो जाता है, जिससे मानसूनी हवाएं कमजोर पड़ती हैं और देश में कम बारिश होती है. कम बारिश कृषि, जलाशयों और अर्थव्यवस्था के लिए चिंता का विषय है.
यूपी में आंधी-तूफान से भारी तबाही
उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया. मौतों का आंकड़ा बढ़कर 113 हो गया है. कई जिलों में 111 लोगों की जान गई, जबकि 72 लोग घायल हुए. 170 पशु भी मारे गए और 227 मकान क्षतिग्रस्त हो गए.
अन्य राज्यों में मौसम का अलर्ट
पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में आंधी, बारिश, बर्फबारी और ओले गिरने की संभावना है. केरलम और कर्नाटक में भी मौसम खराब रह सकता है. पूर्वोत्तर भारत के तटीय इलाकों में तेज तूफान और भारी बारिश का खतरा है, जहां हवाओं की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में अंडमान सागर और निकोबार द्वीप समूह में मानसून के आगे बढ़ने के अनुकूल हालात बताए हैं.


