खुलेंगे और राज! यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की पुलिस कस्टडी 4 दिन और बढ़ी

Jyoti Malhotra: पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की पुलिस हिरासत चार दिन और बढ़ा दी गई है. पूछताछ के दौरान उसने आईएसआई एजेंट डेनिश और अन्य पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों से संपर्क में रहने की बात कबूल की है.

Shivani Mishra
Edited By: Shivani Mishra

Jyoti Malhotra: हरियाणा की रहने वाली यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार की गईं ज्योति की पुलिस हिरासत को चार दिन और बढ़ा दिया गया है. सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान ज्योति ने पाकिस्तान के खुफिया एजेंटों से मुलाकात की बात स्वीकार की है, जिससे मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है.

हिसार पुलिस ने अदालत में यह कहते हुए रिमांड बढ़ाने की मांग की थी कि डिजिटल सबूतों की फॉरेंसिक जांच और क्रॉस-एक्ज़ामिनेशन अभी बाकी है. साथ ही, प्राथमिक जांच के दौरान जिन अन्य नामों का खुलासा हुआ है, उनकी भी जांच और पूछताछ बाकी है. अदालत में मीडिया और अन्य लोगों को प्रवेश नहीं देने की मांग भी पुलिस द्वारा की गई थी.

यूट्यूब चैनल से पाकिस्तान तक

33 वर्षीय ज्योति मल्होत्रा "Travel with Jo" नाम से यूट्यूब चैनल चलाती हैं, जिसके लगभग 4 लाख सब्सक्राइबर्स हैं. वर्ष 2023 में वह वीजा एजेंट्स के माध्यम से पाकिस्तान का वीजा लेकर वहां यात्रा पर गई थीं. इसी दौरान उन्होंने पाकिस्तान उच्चायोग के एक कर्मचारी एहसान-उर-रहीम उर्फ डेनिश से मुलाकात की, जो बाद में आईएसआई का एजेंट निकला.

पाकिस्तान हाई कमीशन में हुई थी पहली मुलाकात

सूत्रों के अनुसार, ज्योति ने पूछताछ के दौरान बताया, "2023 में, मैं पाकिस्तान जाने के लिए वीजा की जानकारी लेने दिल्ली स्थित पाक उच्चायोग गई थी." यहीं पर उनकी मुलाकात डेनिश उर्फ एहसान दर से हुई थी. जानकारी के मुताबिक, डेनिश का पासपोर्ट इस्लामाबाद से जारी हुआ था और उसे 21 जनवरी 2022 को भारत का वीजा मिला था. वह पंजाब प्रांत के नारोवाल में जन्मा था.

डेनिश और उसके नेटवर्क से जुड़ी रही ज्योति

डेनिश को भारत ने हाल ही में निष्कासित कर दिया है, जब पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत-पाक के रिश्तों में और तनाव आया. पूछताछ के दौरान ज्योति ने कबूल किया कि वह डेनिश के लगातार संपर्क में थीं. पाकिस्तान यात्रा के दौरान उन्होंने डेनिश के संपर्क अली हसन से मुलाकात की, जिसने उनके रुकने और यात्रा की व्यवस्था की थी.

ISI अधिकारियों से कराई गई थी मुलाकात

सूत्रों के अनुसार, अली हसन ने ज्योति को दो अन्य लोगों शाकिर और राना शहबाज से मिलवाया, जो पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े अधिकारी माने जा रहे हैं. यह दोनों ज्योति की यात्रा के दौरान लगातार उसके संपर्क में रहे.

आगे की जांच में और नाम आने की संभावना

हिसार पुलिस इस पूरे मामले में गहराई से जांच कर रही है और डिजिटल सबूतों की फॉरेंसिक जांच की प्रतीक्षा में है. अब तक की पूछताछ से कई नए नाम सामने आए हैं, जिनसे पूछताछ की जाएगी. पुलिस सूत्रों का मानना है कि यह नेटवर्क भारत में और भी गहरा हो सकता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag