'जीत तक जारी रहेगी लड़ाई' राष्ट्रपति ट्रंप के दावे के बीच ईरानी सेना का बड़ा ऐलान

ईरान की सेना ने आज युद्ध के बीच एक बड़ा ऐलान किया है, जिसमें उन्होंने कहा कि जब तक विजय हासिल नहीं होगा तब तक लड़ाई जारी रहेगी. यह बयान तब आया है, जब ट्रंप लड़ाई रोकने का दावा किया है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच ईरान की सेना ने मंगलवार को बड़ा ऐलान किया है. ईरानी सशस्त्र बलों के शीर्ष कमान ने कहा कि पूर्ण विजय हासिल होने तक लड़ाई जारी रहेगी. खातम-अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही अलीबादी ने कहा कि ईरान की सेनाएं देश की रक्षा के लिए गर्वित, विजयी और पूरी तरह अडिग हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि यह संघर्ष तब तक नहीं रुकेगा, जब तक पूरा लक्ष्य हासिल नहीं हो जाता.

ट्रंप के बातचीत के दावे पर क्या बोला ईरान?

जनरल अलीबादी का यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका और ईरान के बीच “उत्पादक” बातचीत चल रही है, लेकिन ईरान ने साफ इनकार कर दिया है कि अमेरिका के साथ कोई प्रत्यक्ष वार्ता हो रही है. ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि वे केवल क्षेत्रीय देशों के साथ संपर्क में हैं. 

ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर कलिबफ ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रंप की फर्जी खबरों का इस्तेमाल तेल और वित्तीय बाजारों में हेरफेर करने के लिए किया जा रहा है.

‘पूर्ण विजय’ का मतलब क्या?

जनरल अलीबादी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि पूर्ण विजय से उनका क्या मतलब है, लेकिन यह बयान अमेरिका के साथ किसी भी वार्ता में रियायत न देने की मजबूत चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है. ईरानी सेना का रुख साफ है कि वे किसी भी दबाव में झुकने को तैयार नहीं हैं.

इजराइल का हमले जारी रखने का ऐलान

दूसरी तरफ इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिका युद्धविराम की बात करे या न करे, इजराइल ईरान और लेबनान पर हमले जारी रखेगा. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में और हमले होंगे. इस बीच ईरान ने इजराइल और खाड़ी के कुछ देशों पर मिसाइल व ड्रोन हमले जारी रखे हैं.

इजराइल ने लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी इलाकों पर बमबारी की, जिसमें कम से कम दो लोग मारे गए. कुवैत में हवाई रक्षा प्रणाली के छर्रों से बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे कई घंटों तक बिजली गुल रही. बहरीन में मिसाइल अलर्ट सायरन बजे और सऊदी अरब ने 19 ईरानी ड्रोन मार गिराने का दावा किया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो