इजरायली हमला के बाद ईरान में हड़कंप, खामेनेई को सुरक्षित ठिकाने पर किया गया शिफ्ट

इजरायल की प्रीएम्प्टिव स्ट्राइक के बाद तेहरान में धमाकों की खबर है और ईरान के सर्वोच्च नेता को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है. इजरायल में हाई अलर्ट जारी है. अमेरिका की संभावित भूमिका और ईरान की प्रतिक्रिया पर वैश्विक नजरें टिकी हैं.

Shraddha Mishra

तेहरान: पश्चिम एशिया में हालात तेजी से बदल रहे हैं. इजरायल द्वारा ईरान पर 'निवारक' कार्रवाई शुरू किए जाने के बाद क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है. इस घटनाक्रम के बीच खबर है कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को तेहरान से एक सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है. यह कदम सुरक्षा कारणों से उठाया गया बताया जा रहा है. शनिवार को इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान के मध्य क्षेत्र को निशाना बनाया. 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शहर के बीचों-बीच धुएं का गुबार उठता देखा गया. यह हमला खामेनेई के कार्यालय परिसर के पास हुआ. हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि हमले के समय 86 वर्षीय खामेनेई वहां मौजूद थे या नहीं. स्थानीय अधिकारियों ने हमले के बाद केंद्रीय तेहरान में स्थित उनके परिसर की ओर जाने वाली सड़कों को बंद कर दिया. ईरानी सरकारी टीवी ने विस्फोटों की पुष्टि की, लेकिन उनके कारणों पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी.

अमेरिका की संभावित भूमिका

एक अमेरिकी अधिकारी ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि संयुक्त राज्य अमेरिका इस घटनाक्रम में शामिल है. हालांकि उसकी भागीदारी की सीमा अभी साफ नहीं है. इस बयान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता और बढ़ा दी है, क्योंकि इससे संघर्ष के व्यापक होने की आशंका जताई जा रही है.

इजरायल में हाई अलर्ट

इधर, इजरायल ने संभावित जवाबी कार्रवाई को देखते हुए पूरे देश में सतर्कता बढ़ा दी है. इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने बताया कि नागरिकों के मोबाइल फोन पर अलर्ट संदेश भेजे गए हैं और सायरन बजाए गए हैं. लोगों से सुरक्षित स्थानों के पास रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की गई है. इजरायली सेना का कहना है कि यह कदम संभावित मिसाइल और ड्रोन हमलों की आशंका को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है. सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और आवश्यक सेवाओं को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं.

बढ़ता क्षेत्रीय खतरा

इजरायल के रक्षा मंत्री का कहना है कि यह कार्रवाई देश के खिलाफ संभावित खतरों को रोकने के लिए की गई है. लेकिन इस कदम के बाद वैश्विक स्तर पर चिंता गहराई है. अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि ईरान किस तरह प्रतिक्रिया देता है. यदि जवाबी हमले होते हैं, तो यह टकराव बड़े क्षेत्रीय संघर्ष का रूप ले सकता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag