जिनपिंग बहुत पसंद हैं; चीन के साथ संबंध पर बोले डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन और रूस के साथ अमेरिका के संबंधों पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अच्छे रिश्तों की उम्मीद जताई और खुलासा किया कि उनके कार्यकाल में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन परमाणु हथियारों में कटौती के लिए राजी थे.

डोनाल्ड ट्रंप ने चीन और रूस के साथ अमेरिका के रिश्तों को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अपने संबंधों को "बहुत अच्छे" बताते हुए भविष्य में दोनों देशों के बीच निष्पक्ष संबंध बनाने की बात कही. वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को परमाणु हथियारों में कटौती के लिए सहमत बताया.
विश्व आर्थिक मंच में अपने वर्चुअल संबोधन के दौरान, ट्रंप ने अमेरिका-चीन संबंधों, रूस-यूक्रेन युद्ध और वैश्विक शांति के मुद्दों पर अपनी राय दी. उन्होंने कहा कि अमेरिका निष्पक्ष संबंधों की तलाश में है और किसी का फायदा उठाने का इरादा नहीं रखता.
चीन के साथ निष्पक्ष संबंधों पर जोर
चीन के साथ अमेरिका के संबंधों को लेकर ट्रंप ने कहा, "अमेरिका और चीन के बीच बहुत बड़े व्यापारिक घाटे रहे हैं. यह सिर्फ एक अनुचित संबंध है जिसे हमें निष्पक्ष बनाना होगा." उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उन्हें फोन किया था और दोनों देशों के बीच बेहतर संबंध बनाने की उम्मीद जताई.
वुहान से कोविड-19 और अमेरिका-चीन संबंध
कोविड-19 महामारी के दौरान तनावपूर्ण हुए संबंधों पर ट्रंप ने कहा, "वुहान से कोविड-19 आने के बाद हमारे रिश्ते तनावपूर्ण हो गए, लेकिन इसके बावजूद मेरे और शी जिनपिंग के बीच हमेशा अच्छे संबंध रहे हैं. हम भविष्य में चीन के साथ बेहतर संबंध बनाने की उम्मीद करते हैं."
पुतिन के साथ परमाणु निरस्त्रीकरण पर चर्चा
रूस के साथ संबंधों पर ट्रंप ने कहा कि 2020 के चुनावों से पहले उनकी और पुतिन की परमाणु निरस्त्रीकरण को लेकर बातचीत चल रही थी. ट्रंप ने खुलासा किया, "पुतिन को परमाणु हथियारों पर कटौती का विचार पसंद आया था. अगर 2020 के चुनाव परिणाम अलग होते, तो शायद चीन भी इस पहल में शामिल हो जाता और बाकी दुनिया भी इसका अनुसरण करती."
रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने की अपील
रूस-यूक्रेन युद्ध पर ट्रंप ने कहा, "यह युद्ध रोकना ही होगा. लाखों निर्दोष लोग मारे जा रहे हैं. युवा जीवन युद्ध के मैदान में नष्ट हो रहे हैं. यह एक नरसंहार है. हमें इसे रोकने के लिए हर संभव प्रयास करना होगा." ट्रंप ने कहा कि युद्ध समाप्त करना न केवल अर्थव्यवस्था के दृष्टिकोण से बल्कि मानव जीवन की रक्षा के लिए भी आवश्यक है.


