पाकिस्तान ने की चापलूसी की हद पार, ‘मेरा पिया घर आया’ पर हुआ वर्ल्ड बैंक चीफ अजय बंगा का स्वागत
वर्ल्ड बैंक अध्यक्ष अजय बंगा के पाकिस्तान दौरे के दौरान उनके पैतृक घर खुशब में भव्य स्वागत किया गया. बैंड-बाजे और फिल्मी गीत के साथ हुए इस आयोजन के वीडियो वायरल हो गए, जिस पर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आईं.

नई दिल्ली: पाकिस्तान अक्सर अंतरराष्ट्रीय कर्ज को लेकर चर्चा में रहता है. वर्ल्ड बैंक और अन्य संस्थाओं से लिए गए बड़े कर्ज के कारण उसे कई बार आलोचना का सामना करना पड़ा है. इसी बीच एक नई घटना ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है. इन दिनों वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा पाकिस्तान के दौरे पर हैं. उनके स्वागत के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसमें उनके सम्मान में फिल्मी गाना बजाए जा रहा है. इस पर लोग तरह-तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं. खास बात यह है कि इस पर प्रतिक्रिया देने वालों में बड़ी संख्या पाकिस्तान के ही नागरिकों की है.
अजय बंगा, जिनका पूरा नाम अजयपाल सिंह बंगा है, भारतीय मूल के हैं. उनके पिता हरभजन सिंह बंगा भारतीय सेना में अधिकारी थे. विभाजन से पहले उनका परिवार पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के खुशब शहर में रहता था. अपने इसी पारिवारिक जुड़ाव के कारण अजय बंगा खुशब स्थित ‘गली सिखान वाली’ इलाके में गए, जहां उनका पुश्तैनी घर हुआ करता था. बताया जाता है कि खुशब शहर सरगोधा और मियांवली के बीच झेलम नदी के किनारे बसा है और इसे सैनिकों का शहर भी कहा जाता है.
स्वागत का अंदाज बना चर्चा का विषय
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बंगा का स्वागत बड़े सम्मान के साथ किया गया. उन्हें उनके पुराने घर से जुड़े दस्तावेजों की प्रति स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की गई. बंगा के स्वागत का तरीका लोगों के बीच चर्चा का कारण बना. उनके काफिले के आगे घुड़सवार और बैंड-बाजे चल रहे थे. बैंड पर “मेरा पिया घर आया” गीत की धुन बजाई जा रही थी. शहर की दीवारों पर उनके स्वागत में पोस्टर और संदेश भी लगाए गए थे.
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई. कुछ लोगों ने इसे अनावश्यक बताया तो कुछ ने इसे सम्मान की परंपरा कहा. दिलचस्प बात यह है कि आलोचना करने वालों में कई पाकिस्तानी यूजर भी शामिल हैं. कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि एक अंतरराष्ट्रीय संस्था के प्रमुख को इतना विशेष प्रोटोकॉल देने की क्या जरूरत थी. वहीं कुछ ने इसे जरूरत से ज्यादा चापलूसी करार दिया. कुछ यूजर ने मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की, जबकि कुछ ने गंभीर सवाल भी उठाए. कुल मिलाकर, यह मामला सोशल मीडिया पर बहस और ट्रोलिंग का विषय बन गया.
2023 से वर्ल्ड बैंक की कमान
अजय बंगा ने 2 जून 2023 को वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष का पद संभाला था. उनका कार्यकाल पांच साल का है. उनका उद्देश्य संस्था को अधिक प्रभावी और विकास पर केंद्रित बनाना है. भारत में जन्मे और पले-बढ़े बंगा का अंतरराष्ट्रीय वित्त जगत में लंबा अनुभव रहा है. पाकिस्तान की यह यात्रा उनके पारिवारिक इतिहास से जुड़ी एक भावनात्मक कड़ी भी मानी जा रही है.


