ब्रिटेन के किंग चार्ल्स भी नहीं रोक सके भाई प्रिंस एंड्रयू की गिरफ्तारी, एप्सटीन फाइल्स मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन

एप्सटीन फाइल्स मामले में पुलिस ने एक बड़ा एक्शन लिया है. ब्रिटेन के किंग चार्ल्स के भाई प्रिंस एंड्रयू को गिरफ्तार कर लिया गया है. यह कार्रवाई जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर हुई है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: ब्रिटेन की राजशाही में एक बार फिर बड़ा झटका लगा है. किंग चार्ल्स के छोटे भाई प्रिंस एंड्रयू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर हुई है. थेम्स वैली पुलिस ने गुरुवार को पूर्वी इंग्लैंड के सैंड्रिंघम एस्टेट में स्थित वुड फार्म से प्रिंस एंड्रयू को हिरासत में लिया. यह एपस्टीन फाइल्स मामले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है.

गिरफ्तारी का पूरा घटनाक्रम

रिपोर्ट्स के मुताबिक, छह बिना नंबर वाली पुलिस गाड़ियां और करीब आठ सादे कपड़ों वाले अधिकारी सुबह वुड फार्म पहुंचे. उन्होंने प्रिंस एंड्रयू को गिरफ्तार किया. पुलिस ने पुष्टि की है कि वे राजशाही विरोधी समूह 'रिपब्लिक' की शिकायत की जांच कर रहे हैं. इस शिकायत में कहा गया है कि प्रिंस ने सार्वजनिक पद पर रहते हुए गोपनीयता कानूनों का उल्लंघन किया. पुलिस अभी यह तय कर रही है कि क्या औपचारिक जांच शुरू की जाए.

एपस्टीन फाइल्स में हुआ खुलासा 

पिछले महीने अमेरिकी न्याय विभाग ने 30 लाख से ज्यादा पन्नों के दस्तावेज जारी किए थे. इनमें कई ईमेल शामिल हैं, जो 2010 के हैं. इन ईमेल में आरोप है कि प्रिंस एंड्रयू ने जेफ्री एपस्टीन के साथ गोपनीय व्यापारिक जानकारी साझा की. यह लेन-देन तब हुआ जब एपस्टीन को बाल यौन अपराधों के लिए दोषी ठहराया जा चुका था.

दस्तावेजों में सिंगापुर, हांगकांग और वियतनाम के दौरे से जुड़ी रिपोर्ट्स और अफगानिस्तान में निवेश के मौकों की संवेदनशील जानकारी का जिक्र है. कुछ ईमेल एंड्रयू के तत्कालीन सलाहकार से मिलते ही आगे भेज दिए गए थे. उस समय प्रिंस एंड्रयू ब्रिटेन के सरकारी व्यापार प्रतिनिधि थे. इस पद पर गोपनीय जानकारी की सुरक्षा के सख्त नियम थे. इन खुलासों से सवाल उठ रहे हैं कि क्या नियमों का उल्लंघन हुआ.

प्रिंस एंड्रयू का बचाव

प्रिंस एंड्रयू ने हमेशा किसी भी गलत काम से इनकार किया है. नए दस्तावेज जारी होने के बाद उन्होंने कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया. 2019 में एपस्टीन से संबंधों के विवाद के बाद उन्होंने सार्वजनिक कर्तव्यों से खुद को अलग कर लिया था. 2022 में वर्जीनिया ग्यूफ्रे से यौन शोषण के आरोप पर वित्तीय समझौता किया था. 

ग्यूफ्रे ने आरोप लगाया था कि एंड्रयू ने उन्हें किशोरावस्था में शोषित किया. हालांकि एंड्रयू ने इन आरोपों से इनकार किया था. उसी साल 2022 में एंड्रयू से उनकी सैन्य उपाधियां और 'हिज रॉयल हाईनेस' का दर्जा छीन लिया गया था. जिसके बाद ग्यूफ्रे ने पिछले साल आत्महत्या कर ली. 

राजशाही परिवार की प्रतिक्रिया

वरिष्ठ राजशाही सदस्य खुद को इस मामले से दूर रखने की कोशिश कर रहे हैं. प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन के प्रवक्ता ने कहा कि लगातार हो रहे खुलासों से वे गहरी चिंता में हैं। उनका पूरा ध्यान पीड़ितों पर है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag