मिडिल ईस्ट को लेकर आमने-सामने अमेरिका-रूस, मॉस्को ने ईरान को दी खास सलाह

सूत्रों के मुताबिक, अमेरिकी सेना ईरान पर हमले के लिए तैयार है. पिछले कुछ दिनों में अमेरिका ने दर्जनों लड़ाकू विमान और दो विमानवाहक पोत और हजारों सैनिक तैनात किए हैं.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है. अमेरिका ने क्षेत्र में अपनी सैन्य ताकत तेजी से बढ़ाई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी सेना ईरान पर हमले के लिए तैयार है. पिछले कुछ दिनों में अमेरिका ने दर्जनों लड़ाकू विमान (एफ-35, एफ-22, एफ-16), दो विमानवाहक पोत और हजारों सैनिक तैनात किए हैं. 

150 से ज्यादा सैन्य उड़ानों से हथियार और गोला-बारूद पहुंचाया गया है. कुछ सूत्रों का दावा है कि अमेरिका सप्ताहांत तक या आने वाले हफ्तों में कार्रवाई कर सकता है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान से परमाणु कार्यक्रम पर समझौता चाहते हैं, वरना सैन्य कार्रवाई की धमकी दे रहे हैं. वाइट हाउस का कहना है कि कूटनीति पहली पसंद है, लेकिन ईरान को समझौता करना समझदारी होगी.

रूस का संयम बरतने का आह्वान

इस बीच रूस ने बड़ा बयान दिया है. क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने गुरुवार को कहा कि क्षेत्र में तनाव अभूतपूर्व स्तर पर पहुंच गया है. रूस ईरान के साथ अपने संबंध मजबूत कर रहा है और हाल ही में दोनों देशों ने संयुक्त नौसैनिक अभ्यास किया. पेस्कोव ने स्पष्ट किया कि ये अभ्यास पहले से तय थे. 

उन्होंने ईरान के मित्रों और क्षेत्र के सभी पक्षों से संयम और सावधानी बरतने की सख्त सलाह दी. रूस राजनीतिक और राजनयिक तरीकों को प्राथमिकता देने की बात कर रहा है. पेस्कोव ने उम्मीद जताई कि बातचीत से ही समाधान निकलेगा.रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने भी अमेरिका को चेतावनी दी कि ईरान पर कोई नया हमला गंभीर परिणाम लाएगा.

ईरान की स्थिति और रूस-ईरान संबंध

ईरान ट्रंप की मांगों को खारिज कर रहा है, खासकर उच्च संवर्धित यूरेनियम और मिसाइल कार्यक्रम पर. अमेरिका का फोकस ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर है, जबकि इजरायल बैलिस्टिक मिसाइलों को लेकर चिंतित है. 

रूस ईरान का करीबी सहयोगी है और दोनों देश यूक्रेन संकट के दौरान भी साथ खड़े रहे हैं. रूस का यह बयान ईरान को सतर्क करने जैसा है कि वह अमेरिका के साथ टकराव से बचे. रूस नहीं चाहता कि क्षेत्र में युद्ध छिड़े, क्योंकि इससे वैश्विक स्थिरता प्रभावित होगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag