'अगर वेनेजुएला सरकार माने नहीं तो दूसरा हमला...', ट्रंप ने दी दूसरी 'बड़ी चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला को लेकर एक बड़ा और सख्त संदेश दे दिया है. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर अंतरिम सरकार अमेरिका की मांगों को नहीं मानती, तो दूसरा सैन्य हमला भी हो सकता है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला को लेकर एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए नए सैन्य हस्तक्षेप की चेतावनी दी है. ट्रंप ने कहा है कि अगर वेनेजुएला की अंतरिम सरकार अमेरिका की शर्तों पर नहीं चलती, तो वॉशिंगटन दूसरी लहर के तहत दोबारा सैन्य कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार है. इस बयान के बाद लैटिन अमेरिका समेत पूरी दुनिया में हलचल तेज हो गई है.

राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद अमेरिका की भूमिका पर खुलकर बोलते हुए ट्रंप ने दावा किया कि फिलहाल स्थिति पर अमेरिका का प्रभावी नियंत्रण है. उन्होंने कहा कि उनका फोकस राजनीति नहीं, बल्कि वेनेजुएला को ठीक करने पर है और जरूरत पड़ी तो अमेरिका फिर से कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा.

अगर वे नहीं माने, तो दूसरा हमला करेंगे

डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर वे सही व्यवहार नहीं करते हैं, तो हम वेनेजुएला पर दूसरा हमला करेंगे. उन्होंने यह भी जोड़ा कि अमेरिका इस तरह के ऑपरेशन के लिए पहले से तैयार था, लेकिन फिलहाल उसे टाल दिया गया है. ट्रंप ने कहा कि हम दूसरी लहर के लिए तैयार थे, हम पूरी तरह से तैयार है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि हमें इसकी जरूरत पड़ेगी. हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि विकल्प अभी खुला हुआ है.

स्थिति पर अमेरिका के नियंत्रण के दावे को लेकर ट्रंप ने विवादित टिप्पणी भी की. उन्होंने कहा कि मुझसे यह मत पूछो कि कौन प्रभारी है क्योंकि मैं तुम्हें जवाब दूंगा और यह बहुत विवादास्पद होगा. इशारों में यह जताया कि जमीन पर हालात अमेरिका के प्रभाव में हैं.

ऑपरेशन में अमेरिकी हेलीकॉप्टर को नुकसान

ट्रंप ने यह भी स्वीकार किया कि सैन्य कार्रवाई के दौरान अमेरिका का एक हेलीकॉप्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ था. हालांकि उन्होंने कहा कि कोई भी नहीं मारा गया और घायल हुए सभी सैनिक भी ठीक-ठाक है.

वेनेजुएला को बताया 'मृत देश'

वेनेजुएला की स्थिति पर कड़ी टिप्पणी करते हुए ट्रंप ने देश को मृत अवस्था बताया और इसके लिए वर्षों के कुप्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने अमेरिका की मांग दोहराते हुए कहा कि वॉशिंगटन को वेनेजुएला के विशाल तेल भंडार तक वेनेजुएला में तेल और अन्य संसाधनों तक पूर्ण पहुंच होना चाहिए.

तेल कंपनियों के निवेश की बात

ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला की तेल उत्पादन व्यवस्था को फिर से खड़ा करने के लिए बड़े निवेश की जरूरत है. उनके मुताबिक, तेल कंपनियां इसका पुनर्निर्माण करने के लिए तैयार हैं. और अमेरिकी कंपनियां इस काम के लिए तैयार हैं, क्योंकि मूल ढांचा उन्होंने ही तैयार किया था.

कैरेबियन में अमेरिकी सेना तैनात

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने कैरेबियन क्षेत्र में करीब 15,000 सैनिक तैनात कर रखे हैं. अमेरिकी अधिकारियों ने संकेत दिया है कि अगर अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज अमेरिकी मांगों को नहीं मानतीं, तो दोबारा हस्तक्षेप किया जा सकता है.

ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका और वेनेजुएला के बीच पर्दे के पीछे बातचीत चल रही है. उनके अनुसार, विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने डेल्सी रोड्रिगेज से बात की, जिन्होंने कथित तौर पर कहा कि आपको जो भी चाहिए हम करेंगे. इस पर रियल ने टिप्पणी की, उसके पास वास्तव में कोई विकल्प नहीं है.

कराकस में तनाव, सेना अलर्ट

वेनेजुएला की राजधानी कराकस में वरिष्ठ सरकारी और सैन्य अधिकारियों ने मादुरो की वापसी की मांग की, लेकिन अंतरिम तौर पर रोड्रिगेज को समर्थन देने की बात कही. रक्षा मंत्री व्लादिमीर पाद्रिनो लोपेज ने अमेरिका पर साम्राज्यवादी आक्रामकता का आरोप लगाया और कहा कि ऑपरेशन में सैनिकों और नागरिकों की मौत हुई है.

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी चिंता

मादुरो के बेटे निकोलस एर्नेस्टो मादुरो गुएरा ने समर्थकों को सड़कों पर उतरने का आह्वान किया. वहीं, स्पेन में निर्वासन में रह रहे विपक्षी नेता एडमुनडो गोंजालेज उरुतिया ने इसे एक महत्वपूर्ण कदम, लेकिन पर्याप्त नहीं बताया. अमेरिका की कार्रवाई को लेकर स्पेन, ब्राजील, चिली, कोलंबिया, मैक्सिको और उरुग्वे ने गहरी चिंता जताई है, जबकि अधिकांश यूरोपीय संघ देशों ने संयम बरतने की अपील की है.

आम लोग सहमे, सीमा पर सेना तैनात

कराकस में हालात को देखते हुए लोग सुपरमार्केट और दवा दुकानों के बाहर लंबी कतारों में नजर आए, ताकि जरूरी सामान जमा किया जा सके. वहीं, पड़ोसी देश कोलंबिया में राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने हालात बिगड़ते देख पूर्वी सीमा पर 30,000 सैनिक तैनात करने का आदेश दिया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag