नोएडा में विदेशी नागरिक की हत्या से सनसनी, सैमसंग कंपनी के मैनेजर डक ही युह की भारतीय गर्लफ्रेंड ने चाकू से गोदा

नोएडा में साउथ कोरियाई नागरिक और सैमसंग मैनेजर डक ही युह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. हत्या का आरोप उनकी लिव-इन पार्टनर पर है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

नोएडाः दिल्ली-एनसीआर के नोएडा से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया है. साउथ कोरिया के नागरिक और सैमसंग कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत डक ही युह (Duck Hee Yuh) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. यह घटना गौतमबुद्धनगर जिले के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र की बताई जा रही है. शुरुआती जांच में हत्या का आरोप उनकी लिव-इन पार्टनर लुंजेना पामई पर लगा है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

नोएडा में विदेशी नागरिक की हत्या से सनसनी

यह मामला सामने आने के बाद से ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है. विदेशी नागरिक की हत्या को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है. डक ही युह दक्षिण कोरिया के रहने वाले थे और भारत में एक मल्टीनेशनल कंपनी सैमसंग से जुड़े हुए थे. वह नोएडा के सेक्टर-150 स्थित एटीएस पायस हाइड वेज सोसाइटी में रह रहे थे.

लिव-इन पार्टनर के साथ रह रहा था मृतक

पुलिस के मुताबिक, डक ही युह पिछले कुछ समय से मणिपुर की रहने वाली लुंजेना पामई के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. दोनों एक ही फ्लैट में साथ रहते थे. आसपास के लोगों के अनुसार, दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी, हालांकि किसी को अंदेशा नहीं था कि मामला इतना गंभीर मोड़ ले लेगा.

अस्पताल पहुंचाने वाली प्रेमिका

घटना की जानकारी तब सामने आई, जब नोएडा के जीआईएमएस (GIMS) अस्पताल से पुलिस को एक मेमो भेजा गया. अस्पताल प्रशासन ने बताया कि डक ही युह को मृत अवस्था में लाया गया था. सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क की पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की पड़ताल शुरू की.

जांच के दौरान यह बात सामने आई कि डक ही युह को अस्पताल लाने वाली कोई और नहीं, बल्कि उनकी लिव-इन पार्टनर लुंजेना पामई ही थी. डॉक्टरों की रिपोर्ट में शरीर पर चाकू के गंभीर घाव पाए गए, जिससे साफ हो गया कि यह हत्या का मामला है.

चाकू से हमला कर हत्या का आरोप

पुलिस की शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि किसी विवाद के दौरान लुंजेना पामई ने चाकू से डक ही युह पर हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी, इसे लेकर पुलिस अभी गहराई से जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात अचानक गुस्से में हुई या इसके पीछे कोई और साजिश थी.

आरोपिता गिरफ्तार, पूछताछ जारी

पुलिस ने लुंजेना पामई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. थाना नॉलेज पार्क में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी महिला से लगातार पूछताछ की जा रही है और फॉरेंसिक सबूत भी जुटाए जा रहे हैं.

इलाके में जांच और सुरक्षा बढ़ी

घटना के बाद पुलिस ने सोसाइटी और आसपास के इलाके में जांच तेज कर दी है. पड़ोसियों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि दोनों के रिश्ते और विवादों से जुड़ी जानकारी मिल सके. पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag