गर्मी में घर न बने भट्टी, बिना AC के ठंडक पाएं, इस आसान देसी टिप्स से, बिजली बिल भी बचेगा!
गर्मियों में जब पारा 40 डिग्री पार कर जाए, तो घर को ठंडा रखना चुनौती बन जाता है. लेकिन कुछ देसी जुगाड़ जैसे छत पर पानी डालना, सफेद पेंट करना, गीले पर्दे लगाना, पौधे रखना और सही समय पर खिड़कियां खोलना कमाल कर देते हैं. ये सस्ते और बिना एसी के भी घर को ठंडक देते हैं.

गर्मियों में तेज धूप घर की छत और दीवारों को इतना गर्म कर देती है कि अंदर रहना मुश्किल हो जाता है. एसी और कूलर महंगे पड़ते हैं तथा बिजली का बिल भी बढ़ा देते हैं. ऐसे में पुराने देसी जुगाड़ आज भी सबसे कारगर और सस्ते साबित हो रहे हैं. इन आसान उपायों से आप बिना ज्यादा खर्च किए अपने घर को ठंडा और आरामदायक बना सकते हैं.ये पारंपरिक तरीके न सिर्फ पैसे बचाते हैं बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी हैं. गर्मी से राहत पाने के लिए आज भी लाखों लोग इन देसी नुस्खों पर भरोसा करते हैं.
छत पर पानी का छिड़काव
गर्मी में घर को ठंडा रखने का सबसे पुराना और असरदार तरीका है छत पर दिन में 2-3 बार पानी डालना. इससे छत की गर्मी काफी हद तक कम हो जाती है और नीचे वाले कमरों में ठंडक बनी रहती है. खासकर शाम को पानी डालने से रात भर घर में आरामदायक माहौल रहता है. यह तरीका आज भी उतना ही प्रभावी है जितना पहले था.
छत पर सफेद पेंट या कूल रूफ कोटिंग
छत को सफेद रंग से पेंट करवाएं या चूने की पुताई कराएं. जिससे छत कम गर्म होती है. कई लोग कूल रूफ कोटिंग का भी इस्तेमाल करते हैं. यह कोटिंग घर के अंदर का तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम कर सकती है और लंबे समय तक राहत देती है.
खिड़कियों पर गीले पर्दे लगाएं
घर को नेचुरल तरीके से ठंडा रखने के लिए खिड़कियों और दरवाजों पर गीले पर्दे टांग दें. जब हवा इन गीले पर्दों से गुजरती है तो स्वाभाविक रूप से ठंडी हो जाती है. यह तरीका बिजली बिल्कुल नहीं खाता और देसी कूलर की तरह काम करता है. गर्म हवा को ठंडा करने का यह बहुत ही आसान और प्रभावी जुगाड़ है.
घर के अंदर पौधे लगाएं
इनडोर प्लांट्स न सिर्फ हवा को शुद्ध करते हैं बल्कि आसपास का तापमान भी कम करते हैं. बालकनी, खिड़की या कमरे के कोनों में हरे-भरे पौधे रखने से घर में ठंडक का एहसास बना रहता है. बिना किसी खर्च के गर्मी से राहत पाने का यह बेहतरीन तरीका है.
दिन में खिड़कियां बंद, शाम को खोलें
दिन के समय खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें ताकि दोपहर की गर्म हवा अंदर न आए. शाम को जब हवा ठंडी हो जाए तो उन्हें खोल दें. इससे घर का वातावरण काफी आरामदायक हो जाता है. थोड़ी सी समझदारी और सही समय का ध्यान रखकर आप गर्मी में भी अपने घर को ठंडा और सुखद बना सकते हैं.


