नवरात्र व्रत में ट्राई करें शकरकंद की खीर, स्वाद के साथ मिलेगी जबरदस्त ताकत
नवरात्र व्रत में शकरकंद की खीर एक आसान, स्वादिष्ट और पोषक विकल्प है जो शरीर को ऊर्जा देती है. इसे उबले शकरकंद, दूध और ड्राई फ्रूट्स से बनाकर गरम या ठंडा दोनों तरह से खाया जा सकता है.

नवरात्र का समय चल रहा है और इन पवित्र दिनों में व्रत रखने वाले लोगों को ऐसे भोजन की जरूरत होती है जो हल्का होने के साथ शरीर को भरपूर ऊर्जा भी दे. आमतौर पर व्रत में साबूदाना या मखाने की खीर बनाई जाती है, लेकिन अगर आप कुछ नया और पौष्टिक ट्राई करना चाहते हैं तो शकरकंद की खीर एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है.
स्वादिष्ट और हेल्दी खीर
यह खीर स्वादिष्ट होने के साथ-साथ हेल्दी भी होती है और इसे बनाना भी काफी आसान है. शकरकंद में मौजूद प्राकृतिक मिठास और पोषक तत्व इसे व्रत के लिए एक परफेक्ट डिश बनाते हैं, जिससे आप दिनभर तरोताजा और ऊर्जावान महसूस कर सकते हैं.
खीर बनाने की विधि
इसे बनाने के लिए सबसे पहले 2 से 3 शकरकंद लें, उन्हें अच्छी तरह धोकर कुकर में 2-3 सीटी आने तक उबाल लें. ठंडा होने के बाद उनका छिलका उतारकर अच्छी तरह मैश या कद्दूकस कर लें, ताकि उसमें कोई गांठ न बचे. अब एक कड़ाही या भारी तले वाले पैन में एक छोटा चम्मच देसी घी गरम करें और उसमें तैयार शकरकंद डालकर धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक हल्का भून लें. इससे खीर में एक अलग ही सुगंध और स्वाद आता है.
इसके बाद आधा लीटर दूध धीरे-धीरे इसमें मिलाएं और लगातार चलाते रहें, ताकि मिश्रण अच्छे से मिल जाए और नीचे चिपके नहीं. जब दूध में उबाल आ जाए, तो आंच को मध्यम कर दें और खीर को 5 से 7 मिनट तक पकने दें. बीच-बीच में चलाते रहना जरूरी है, ताकि खीर अच्छी तरह गाढ़ी हो जाए.
जब खीर क्रीमी टेक्सचर लेने लगे, तब इसमें स्वादानुसार चीनी या गुड़ का पाउडर मिलाएं. इसके साथ ही आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स जैसे बादाम, काजू, पिस्ता और किशमिश डाल दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर 2 मिनट और पकाएं, ताकि स्वाद अच्छे से घुल-मिल जाए.
ठंडा होने पर ज्यादा गाढ़ा और रिच स्वाद
अब गैस बंद कर दें. आपकी स्वादिष्ट और पौष्टिक शकरकंद की खीर तैयार है. इसे आप गरमागरम परोस सकते हैं या फिर ठंडा करके भी खा सकते हैं. ठंडा होने पर इसका स्वाद और भी ज्यादा गाढ़ा और रिच लगता है, जो किसी मिठाई से कम नहीं होता.


