Chaitra Navratri 2026: नवरात्रि का दूसरे दिन करें मां ब्रहम्चारिणी की उपासना, जानें पूजा विधि और मंत्र

चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की जाती है, जो तप और संयम का प्रतीक हैं. इस दिन विशेष योग में पूजा, मंत्र जाप और दान करने से ज्ञान, धैर्य और सफलता का आशीर्वाद मिलता है.

Shraddha Mishra

चैत्र नवरात्र का दूसरा दिन भक्तों के लिए खास महत्व रखता है. इस दिन मां दुर्गा के दूसरे स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की जाती है, जिन्हें तप, संयम और साधना की देवी माना जाता है. मान्यता है कि सच्चे मन से उनकी उपासना करने पर व्यक्ति को जीवन में धैर्य, ज्ञान और सही दिशा मिलती है. खासकर विद्यार्थियों के लिए यह दिन बेहद शुभ माना जाता है, क्योंकि मां का आशीर्वाद एकाग्रता और बुद्धि को बढ़ाने में मदद करता है.

मां ब्रह्मचारिणी का स्वरूप बेहद सरल और शांत होता है. उनके एक हाथ में जपमाला और दूसरे हाथ में कमंडल होता है. यह दोनों ही चीजें साधना, तप और आत्मनियंत्रण का प्रतीक हैं. ‘ब्रह्मचारिणी’ नाम का अर्थ है, तप का पालन करने वाली. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां का यह रूप हमें सिखाता है कि जीवन में सफलता पाने के लिए मेहनत, धैर्य और अनुशासन बहुत जरूरी है.

पूजा का शुभ मुहूर्त और विशेष योग

इस दिन पूजा करने के लिए कुछ खास योग बन रहे हैं, जिन्हें बहुत शुभ माना जाता है. सर्वार्थ सिद्धि योग पूरे दिन बना रहेगा, जिससे किसी भी शुभ कार्य को करने में सफलता मिलने की संभावना बढ़ जाती है. इसके अलावा अमृत सिद्धि योग सुबह 6 बजकर 25 मिनट से शुरू होकर अगले दिन सुबह तक रहेगा. इन दोनों योगों में मां की पूजा करने से विशेष फल प्राप्त होता है.

ऐसे करें मां ब्रह्मचारिणी की पूजा

पूजा करते समय सफेद रंग का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि यह मां को प्रिय होता है. उन्हें सफेद फूल, अक्षत, रोली और चंदन अर्पित करें. इसके बाद पंचामृत (जिसमें दूध, दही, घी, शहद और शक्कर शामिल होते हैं) से माता का अभिषेक करें. पूजा के दौरान मां को सफेद वस्त्र चढ़ाना भी शुभ माना जाता है. भोग में मेवे, पान, सुपारी, लौंग और इलायची अर्पित करना अच्छा माना जाता है. पूजा समाप्त होने के बाद अपनी श्रद्धा के अनुसार दान या दक्षिणा देना चाहिए.

करें ये उपाय, मिलेगा विशेष फल

पूजा के बाद गाय, बैल या सांड को चारा खिलाना बहुत शुभ माना जाता है. ऐसा करने से मां ब्रह्मचारिणी प्रसन्न होती हैं और भक्तों को साहस, सम्मान और सफलता का आशीर्वाद देती हैं.

इसके साथ ही मां के मंत्र-
“या देवी सर्वभूतेषु ब्रह्मचारिणी रूपेण संस्थिता.
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः॥”
का 108 बार जाप करना लाभकारी माना जाता है. कहा जाता है कि इस मंत्र के जाप से मनोकामनाएं पूरी होती हैं और जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो