लखनऊ में भारत-दक्षिण अफ्रीका टी20 मैच रद्द, UPCA ने टिकट का पूरा रिफंड देने की घोषणा की

लखनऊ के इकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाला चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला घने कोहरे और स्मॉग के कारण रद्द कर दिया गया. अब उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने दर्शकों को राहत देते हुए घोषणा की है कि मैच के सभी टिकट धारकों को पूरी राशि वापस की जाएगी.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

लखनऊ के इकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाला चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला घने कोहरे और स्मॉग के कारण रद्द कर दिया गया. इस फैसले के बाद उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) ने दर्शकों को राहत देते हुए घोषणा की है कि मैच के सभी टिकट धारकों को पूरी राशि वापस की जाएगी.

6 बार निरीक्षण के बाद मैच रद्द

मुकाबला बुधवार शाम 7 बजे शुरू होना था, लेकिन स्टेडियम में दृश्यता बेहद खराब होने के कारण टॉस तक नहीं हो सका. अंपायरों ने छह बार मैदान का निरीक्षण किया, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं आया. इसके बाद रात लगभग 9:30 बजे मैच को रद्द घोषित कर दिया गया. घना धुंध और स्मॉग खिलाड़ियों और अंपायरों की सुरक्षा के लिए खतरनाक साबित हो रहा था, इसलिए यह कदम उठाया गया.

UPCA के मानद सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया कि दर्शकों की असुविधा को देखते हुए टिकट की पूरी राशि लौटाने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टिकट खरीदने वाले दर्शकों को किसी अतिरिक्त प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं है. रिफंड की राशि उनके मूल भुगतान माध्यम में स्वतः ट्रांसफर कर दी जाएगी. रिफंड से संबंधित पूरी जानकारी पंजीकृत ईमेल आईडी पर भेजी जाएगी, इसलिए दर्शकों से नियमित रूप से ईमेल चेक करने की अपील की गई है.

ऑफलाइन टिकट खरीदने वालों के लिए विशेष व्यवस्था

वहीं, ऑफलाइन टिकट खरीदने वाले दर्शकों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. ऐसे दर्शक 20, 21 और 22 दिसंबर 2025 को सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक इकाना स्टेडियम के गेट नंबर 2 स्थित बॉक्स ऑफिस पर बने रिफंड काउंटर पर अपनी राशि प्राप्त कर सकते हैं. ऑफलाइन रिफंड के लिए दर्शकों का स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य होगा. उन्हें अपने मूल प्रिंटेड टिकट, एक सरकारी पहचान पत्र की फोटोकॉपी और बैंक विवरण के साथ रिफंड फॉर्म जमा करना होगा. दस्तावेज़ों के सत्यापन के बाद ही रिफंड सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर किया जाएगा.

प्रेम मनोहर गुप्ता ने दर्शकों के धैर्य और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि मौसम जैसी परिस्थितियों पर नियंत्रण नहीं होता, लेकिन दर्शकों के हितों की सुरक्षा UPCA की प्राथमिकता है. उन्होंने याद दिलाया कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का अंतिम मुकाबला शुक्रवार को अहमदाबाद में खेला जाएगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag