Ashes Series 2025: 1946 के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम में 31-31 साल के दो खिलाड़ियों ने किया डेब्यू, इंग्लैंड के सामने बड़ी चुनौती

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज शुरू हो गई है, जहां इंग्लैंड अपने लंबे हार के सिलसिले को खत्म करने की कोशिश में है. ऑस्ट्रेलिया दो चोटिल खिलाड़ियों के बिना उतरा, जबकि जेक वेदरल्ड और ब्रेंडन डॉगेट ने डेब्यू किया.

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

नई दिल्लीः ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच प्रतिष्ठित एशेज सीरीज का आगाज हो चुका है. क्रिकेट जगत की सबसे रोमांचक प्रतिद्वंद्विताओं में से एक यह सीरीज हमेशा की तरह इस बार भी क्रिकेट प्रेमियों की धड़कनें बढ़ाने के लिए तैयार है. इंग्लैंड के सामने इस बार सबसे बड़ी चुनौती पिछले कई वर्षों से चली आ रही उस कड़वी याद को मिटाने की है, जिसमें उन्हें ऑस्ट्रेलिया की धरती पर जीत नसीब नहीं हुई.

ऑस्ट्रेलिया में इंग्लैंड का संघर्ष जारी

बीते तीन दौरों में इंग्लैंड की स्थिति बेहद निराशाजनक रही है. टीम ने ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर खेले गए 15 टेस्ट मुकाबलों में 13 मैच गंवाए और दो टेस्ट ड्रा रहे. ऐसे में इंग्लैंड के लिए यह सीरीज सिर्फ खेल नहीं, बल्कि एक प्रतिष्ठा की लड़ाई भी है. पर्थ स्टेडियम में टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है और शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाने की कोशिश की है.

ऑस्ट्रेलिया को दो बड़े झटके

सीरीज का पहला टेस्ट ऑस्ट्रेलिया के लिए मुश्किल लेकर आया है क्योंकि टीम को दो प्रमुख खिलाड़ियों कप्तान पैट कमिंस और अनुभवी तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की कमी महसूस होगी. दोनों चोटिल होने की वजह से पहले टेस्ट का हिस्सा नहीं हैं. स्मिथ इस मुकाबले में टीम की अगुवाई कर रहे हैं.

31 साल के दो खिलाड़ियों का यादगार डेब्यू

इस मैच के दौरान ऑस्ट्रेलिया के लिए एक विशेष क्षण देखा गया जब 31-31 वर्ष के दो खिलाड़ियों ने टेस्ट डेब्यू किया. जेक वेदरल्ड, जिन्होंने इसी महीने अपना 31वां जन्मदिन मनाया, सलामी बल्लेबाज के रूप में टीम में शामिल किए गए हैं. घरेलू क्रिकेट में उन्होंने 77 फर्स्ट क्लास मैचों में 5322 रन बनाए हैं, जिनमें 13 शतक शामिल हैं.

उनके साथ तेज गेंदबाज ब्रेंडन डॉगेट भी डेब्यू कर रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि 1946 के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया के लिए एक ही टेस्ट में 30+ उम्र के दो खिलाड़ियों ने पदार्पण किया है.

दो इंडिजिनस खिलाड़ियों का अनोखा संयोग

ब्रेंडन डॉगेट ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट खेलने वाले सिर्फ चौथे इंडिजिनस क्रिकेटर बने हैं. उनके साथ स्कॉट बोलैंड भी प्लेइंग इलेवन में शामिल हैं, जो स्वयं एक इंडिजिनस खिलाड़ी हैं. इंडिजिनस यानी देश के मूल निवासियों का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी. दोनों गेंदबाज अपने प्रदर्शन से यह साबित करना चाहेंगे कि उन्हें टीम में मौका देना सही फैसला था.

डॉगेट के प्रथम श्रेणी करियर में अब तक 190 विकेट दर्ज हैं और हाल की दो मैचों में उन्होंने 5-5 विकेट लेकर शानदार फॉर्म दिखाया है. यह भी पहला अवसर है जब 2019 के बाद एक ही टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के दो खिलाड़ियों ने डेब्यू किया.

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

ऑस्ट्रेलिया: उस्मान ख्वाजा, जेक वेदरल्ड, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ (कप्तान), ट्रेविस हेड, कैमरून ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन, ब्रेंडन डॉगेट, स्कॉट बोलैंड.

इंग्लैंड: बेन डकेट, जैक क्राउली, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), गस एटकिंसन, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर, मार्क वुड.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो