पर्थ में ट्रेविस हेड का तांडव, पहले एशेज टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 8 विकेट से हराया

एशेज 2025 के पहला टेस्ट मैच पर्थ में खेला गया. मैच में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को सिर्फ दो दिनों के भीतर 8 विकेट से मात देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

एशेज 2025 के पहले टेस्ट मैच का रोमांचक मुकाबला पर्थ में खेला गया, जहां ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को सिर्फ दो दिनों के भीतर 8 विकेट से मात देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली. इंग्लैंड ने दूसरी पारी के बाद मेजबानों के सामने 205 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ ट्रैविस हेड की विस्फोटक सेंचुरी की बदौलत बेहद आसानी से हासिल कर लिया. हेड ने मात्र 69 गेंदों में शतक पूरा किया, जो एशेज इतिहास का दूसरा सबसे तेज़ शतक साबित हुआ.

हेड की धमाकेदार पारी

ट्रैविस हेड मैदान पर आते ही इंग्लिश गेंदबाजों पर बरस पड़े. उन्होंने 83 गेंदों पर 123 रन की धुआंधार पारी खेली, जिसमें 16 चौके और 4 छक्के शामिल थे. उनकी आक्रामक बैटिंग ने इंग्लैंड के "बैजबॉल" की रणनीति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. हेड ने पहले वेदरालैंड के साथ 75 रनों की साझेदारी की, इसके बाद लाबुशेन के साथ 117 रनों की मजबूत पार्टनरशिप निभाई. जब हेड आउट हुए, तब तक ऑस्ट्रेलिया जीत की दहलीज पर पहुंच चुका था.

ऑस्ट्रेलिया का सफल चेज

205 रन का लक्ष्य उस पिच पर चुनौतीपूर्ण माना जा रहा था, जहां दोनों टीमों की पहली पारी जल्दी खत्म हुई थी. हालांकि हेड मैदान में एक अलग ही योजना लेकर उतरे थे. पहली गेंद से ही उन्होंने तेजी से रन जुटाने शुरू किए. वेदरालैंड ने भी समझदारी से उनका साथ दिया. हेड के आउट होने के बाद लाबुशेन ने जिम्मेदारी संभाली और 51 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई. ऑस्ट्रेलिया ने मात्र दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल किया और मैच पर कब्जा जमाया.

मैच का पूरा घटनाक्रम

पहली पारी में इंग्लैंड ने बल्लेबाजी की, लेकिन पूरा बल्लेबाजी क्रम 172 रनों पर ढह गया. हैरी ब्रूक ने एकमात्र अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि चार इंग्लिश बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हो गए. ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पहली पारी में 7 विकेट झटके और इंग्लैंड को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया.

जब ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी शुरू हुई तो इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स कहर बनकर टूटे. उन्होंने 5 विकेट चटकाते हुए मेजबानों को सिर्फ 132 रनों पर ढेर कर दिया और इंग्लैंड को 40 रन की अहम बढ़त दिला दी. दूसरी पारी में भी इंग्लिश बल्लेबाज़ टिक नहीं पाए. 

ऑस्ट्रेलिया के सामने 205 रनों का लक्ष्य 

क्रॉली पहली ही गेंद पर आउट हुए और टीम दबाव में दिखी. हालांकि इंग्लैंड ने 164 रन बना लिए, जिससे ऑस्ट्रेलिया के सामने 205 रनों का लक्ष्य आया. मिचेल स्टार्क ने दूसरी पारी में भी 3 विकेट झटके और इस तरह मैच में कुल 10 विकेट लेकर अपनी अहमियत साबित की.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो