बॉक्सर मैरी कॉम ने अपने पति से तलाक पर तोड़ी चुप्पी, अफेयर का भी किया खंडन

वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर मैरी कॉम ने पुष्टि की है कि वो और उनके पति करुंग ओन्खोलर अब साथ नहीं हैं और 2023 में उनका तलाक हो चुका है. साथ ही उन्होंने अफेयर की अफवाहों को खारिज करते हुए मीडिया से प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की है.

Simran Sachdeva

भारतीय बॉक्सिंग की लीजेंड और 6 बार की वर्ल्ड चैंपियन एमसी मैरी कॉम ने अपने वैवाहिक जीवन को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाया है. उन्होंने साफ किया है कि उनका और उनके पति करुंग ओन्खोलर का अब कोई रिश्ता नहीं है. हाल ही में अफवाहों के बीच, उनके वकील द्वारा जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि ये कपल 2 साल पहले अलग हो चुका है और 20 दिसंबर 2023 को पारंपरिक कबीलाई नियमों के तहत उनका तलाक हो चुका है.

बॉक्सिंग रिंग में अपनी दमदार उपस्थिति से दुनियाभर में नाम कमाने वाली मैरी कॉम ने निजी जीवन में आ रही चुनौतियों को साझा करते हुए मीडिया और फैंस से उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की है.

तलाक पर आधिकारिक मुहर

मैरी कॉम के वकील की ओर से सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा गया कि इन अटकलों और गलत मीडिया रिपोर्टों के मद्देनजर, मैं निम्नलिखित स्पष्टीकरण जारी करना चाहता हूं: एमसी मैरी कॉम और श्री ओन्खोलर कॉम अब विवाहित नहीं हैं और उन्होंने 20 दिसंबर 2023 को दोनों परिवारों के सदस्यों और कबीले के नेताओं की मौजूदगी में आपसी सहमति से कोम कस्टमरी लॉ के तहत अपने तलाक को अंतिम रूप दे दिया है.

अफेयर की अफवाहों पर भी दिया स्पष्टीकरण

हाल के दिनों में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में मैरी कॉम और एक शख्स के बीच अफेयर को लेकर चर्चाएं थी, जिस पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताई और पूरी तरह से इनकार किया. उन्होंने बताया कि हितेश चौधरी नाम का व्यक्ति सिर्फ उनका बिजनेस पार्टनर है. बयान में साफ तौर पर कहा गया:- मेरे मुवक्किल के श्री हितेश चौधरी के साथ संबंध होने या किसी अन्य मुक्केबाज के पति के साथ संबंध होने की अफवाहों का स्पष्ट रूप से खंडन किया जाता है और किसी भी मीडिया मंच द्वारा इसका प्रचार नहीं किया जाना चाहिए.

मुश्किल दौर से गुज़र रही मैरी कॉम

बयान में ये भी बताया गया कि मैरी कॉम पिछले दो सालों से मानसिक और भावनात्मक रूप से कठिन समय से गुज़र रही हैं. उन्होंने अपने दोस्तों, फैंस और मीडिया से अनुरोध किया कि वे उन्हें आवश्यक स्थान और प्राइवेसी प्रदान करें ताकि वो इस स्थिति से उबर सकें. बयान में मीडिया को चेतावनी दी गई कि अगर वे बिना प्रमाण के अफवाहें फैलाते हैं, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें मानहानि और निजता के उल्लंघन जैसे मामले भी शामिल होंगे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag