अमेरिकी पनडुब्बी का टॉरपीडो हमला, ईरानी वॉरशिप 'IRIS Dena' समंदर में डूबा
भारत से सैन्य अभ्यास में भाग लेकर लौट रहे ईरान के युद्धपोत पर हिंद महासागर में टॉरपीडो हमला किया गया. इस हमले में कई नौसैनिकों की मौत की खबर सामने आई है और कई अब भी लापता बताए जा रहे हैं.
नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हिंद महासागर में बड़ा सैन्य घटनाक्रम सामने आया है. श्रीलंका के तट के पास एक अमेरिकी पनडुब्बी ने ईरानी नेवी के युद्धपोत IRIS Dena पर टॉरपीडो हमला कर दिया, जिससे जहाज समुद्र में डूब गया. इस हमले में कम से कम 87 ईरानी नौसैनिकों के मारे जाने की खबर है. बताया जा रहा है कि यह युद्धपोत भारत में आयोजित नौसैनिक अभ्यास MILAN 2026 में भाग लेने के बाद अपने देश लौट रहा था.
श्रीलंकाई अधिकारियों के अनुसार अब तक 32 क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 148 नाविक अभी भी लापता हैं और उनके जीवित मिलने की उम्मीद बेहद कम बताई जा रही है. अमेरिकी रक्षा विभाग ने हमले का एक ब्लैक एंड व्हाइट वीडियो भी जारी किया है, जिसमें पनडुब्बी के पेरिस्कोप से धमाका दिखाई देता है. रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिकी पनडुब्बी संभवतः लंबे समय से इस जहाज की निगरानी कर रही थी.


