Champions Trophy 2025: मोहम्मद रिजवान से हो गई गलती से मिस्टेक, बता डाली टीम पाकिस्तान की कमजोरी
Champions Trophy 2025: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान से बड़ी चूक हो गई. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने गलती से अपनी टीम की कमजोरी उजागर कर दी, जिससे विरोधी टीमें फायदा उठा सकती हैं. उनके इस बयान से पाकिस्तान की मानसिक मजबूती पर सवाल उठने लगे हैं.

Champions Trophy 2025: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बड़ी गलती कर दी. उन्होंने अनजाने में अपनी टीम की कमजोरी उजागर कर दी, जिसका विरोधी टीमें फायदा उठा सकती हैं. उनकी इस टिप्पणी से पाकिस्तान की मानसिक मजबूती पर सवाल उठ सकते हैं.
रिजवान ने टीम की रणनीति पर चर्चा करते हुए कहा कि पाकिस्तान को वही जज्बा दिखाने की जरूरत है, जो 10 साल पहले तब देखने को मिला था, जब कोई भी अंतरराष्ट्रीय टीम पाकिस्तान का दौरा करने से हिचकिचाती थी. हालांकि, इस दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी टीम दबाव के क्षणों में टूट जाती है, जिससे वे करीबी मुकाबले हार जाते हैं.
रिजवान ने बताई पाकिस्तान की कमजोरी
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोहम्मद रिजवान ने खुलासा किया कि पाकिस्तान टीम मानसिक रूप से उतनी मजबूत नहीं है, जितनी होनी चाहिए. उन्होंने कहा, "हम दबाव में अक्सर टूट जाते हैं और करीबी मैच इसी वजह से हार जाते हैं." उनका यह बयान विरोधी टीमों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है, क्योंकि अब वे पाकिस्तान की इस कमजोरी को ध्यान में रखकर रणनीति तैयार कर सकते हैं.
बाबर आजम की बैटिंग पोजीशन का भी हुआ खुलासा
इस दौरान मोहम्मद रिजवान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले मुकाबले में बाबर आजम की बल्लेबाजी क्रम का भी खुलासा कर दिया. उन्होंने बताया कि बाबर आजम चैंपियंस ट्रॉफी में ओपनिंग करते हुए नजर आएंगे. हालांकि, पिछली ट्राई सीरीज में बाबर आजम ने ओपनिंग की थी, लेकिन वहां उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था, जिसके चलते उनकी बैटिंग पोजीशन पर सवाल उठने लगे थे.
न्यूजीलैंड से भिड़ेगा पाकिस्तान
पाकिस्तान की टीम चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अपना पहला मुकाबला 19 फरवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ कराची के नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगी. यह मुकाबला पाकिस्तान के लिए आसान नहीं होगा, क्योंकि हाल ही में उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. ऐसे में देखना होगा कि क्या पाकिस्तान इस बार अपनी गलतियों से सबक लेकर मजबूत वापसी कर पाता है या नहीं.


