मुंबई के खिलाफ बड़े मैच से पहले CSK को लगा बड़ा झटका, ये धाकड़ बल्लेबाज आईपीएल से हुआ बाहर
CSK ने बताया कि आयुष म्हात्रे 18 अप्रैल को SRH के खिलाफ मैच में बैटिंग के दौरान बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के कारण IPL 2026 के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। आयुष को पूरी तरह ठीक होने में 6 से 12 हफ्ते लगेंगे।

नई दिल्ली: 23 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ अहम मुकाबले से ठीक पहले चेन्नई सुपर किंग्स को तगड़ा झटका लगा है। युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते IPL 2026 के बचे हुए पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। उन्हें पिछले हफ्ते शनिवार (18 अप्रैल 2026) को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बैटिंग के दौरान यह चोट लगी थी।
CSK ने दिया बड़ा अपडेट
दरअसल तमाम फैंस और समर्थकों के लिए फ्रेंचाइजी ने बयान जारी कर खुद इसकी पुष्टि की है। CSK ने कहा, "आयुष म्हात्रे 18 अप्रैल को SRH के खिलाफ मैच में बैटिंग के दौरान बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के कारण IPL 2026 के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। आयुष को पूरी तरह ठीक होने में 6 से 12 हफ्ते लगेंगे। हम उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"
चेन्नई की टीम को हुआ बड़ा नुकसान
आपको बताते चलें कि आयुष म्हात्रे इस सीजन में CSK के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक थे। उन्होंने 06 मैचों में 33.5 की औसत और 177.87 के स्ट्राइक रेट से 201 रन बनाए। पावरप्ले में तेज शुरुआत देने की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। पांच बार की चैंपियन टीम को बचे हुए मैचों में उनकी कमी साफ महसूस होगी।
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम फिलहाल पॉइंट्स टेबल में आठवें नंबर पर संघर्ष कर रही है। 06 मैचों में सिर्फ 02 जीत मिली हैं। लीग स्टेज में अब 08 मैच बचे हैं और CSK को रफ्तार पकड़नी होगी, लेकिन अब यह काम आयुष म्हात्रे के बिना करना पड़ेगा। टीम मैनेजमेंट के लिए प्लेइंग इलेवन का संतुलन बनाना बड़ी चुनौती होगा।
चोटिल रहा CSK के लिए आईपीएल 2026
गौरतलब है कि आईपीएल 2026 में चोटों ने CSK का पीछा नहीं छोड़ा है। पहले तो डेवाल्ड ब्रेविस शुरुआती तीन मैच नहीं खेल पाए। फिर टीम के सुपर स्टार महेंद्र सिंह धोनी पिंडली की मांसपेशी में खिंचाव के चलते अब तक एक भी मैच नहीं खेले हैं।
नाथन एलिस सीजन शुरू होने से पहले ही बाहर हो गए थे। उनकी जगह आए स्पेंसर जॉनसन भी बड़ी चोट से उबरकर हाल में ही टीम से जुड़े हैं। खलील अहमद भी चोट के कारण सीजन से बाहर हो चुके हैं। और अब आयुष म्हात्रे में भी आईपीएल से बाहर हो गए।


