Doha Diamond League 2025: नीरज चोपड़ा ने फेंका 90.23 मीटर का तूफानी भाला, फिर भी चूक गए पहला स्थान
Neeraj Chopra: नीरज चोपड़ा ने डोहा डायमंड लीग 2025 में अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 90.23 मीटर का भाला फेंका और बहुप्रतीक्षित 90 मीटर क्लब में शामिल हो गए. हालांकि, जर्मनी के जूलियन वेबर ने आखिरी प्रयास में 91.06 मीटर की दूरी तय कर उन्हें दूसरे स्थान पर धकेल दिया.

Neeraj Chopra: भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने डोहा डायमंड लीग 2025 में शुक्रवार (16 मई) को अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 90.23 मीटर दूर भाला फेंका. यह पहला मौका था जब नीरज ने 90 मीटर की लक्ष्मण रेखा को पार किया और इतिहास रचते हुए देश के लिए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित किया. हालांकि, यह ऐतिहासिक प्रदर्शन भी उन्हें विजयी नहीं बना सका, क्योंकि जर्मनी के जूलियन वेबर ने आखिरी थ्रो में 91.06 मीटर की दूरी तय कर सबको चौंका दिया.
नीरज का यह सीज़न का पहला इवेंट था, जिसमें उन्होंने ज़बरदस्त लय के साथ शुरुआत की और विश्व स्तरीय प्रदर्शन किया. परंतु वेबर की निरंतर बढ़ती रफ्तार और निर्णायक अंतिम थ्रो ने नीरज की ऐतिहासिक उपलब्धि को ‘कड़वी मिठास’ में बदल दिया.
नीरज ने पार किया 90 मीटर का लक्ष्य
डोहा डायमंड लीग के पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में नीरज चोपड़ा ने तीसरे प्रयास में 90.23 मीटर का थ्रो कर अपने ही पुराने राष्ट्रीय रिकॉर्ड (89.94 मीटर, स्टॉकहोम 2022) को पीछे छोड़ दिया. इस थ्रो के साथ वह 90 मीटर पार करने वाले तीसरे एशियाई और कुल 25वें पुरुष भाला फेंक खिलाड़ी बन गए.
नीरज ने प्रतियोगिता की शुरुआत 88.40 मीटर के थ्रो के साथ की, जिससे उन्होंने शुरू में ही वर्ल्ड लीड हासिल कर ली. दूसरा प्रयास फाउल रहा, लेकिन तीसरे प्रयास में उन्होंने इतिहास रच दिया. इसके बाद उनका चौथा थ्रो 80.56 मीटर, पांचवां फाउल और अंतिम थ्रो 88.20 मीटर रहा.
जूलियन वेबर का धमाकेदार अंतिम थ्रो
जर्मनी के जूलियन वेबर ने धीमी शुरुआत के बाद लय पकड़ते हुए धमाकेदार प्रदर्शन किया. उनका क्रमश: प्रदर्शन 82.83 मीटर, 85.57 मीटर, 89.06 मीटर, 88.05 मीटर और 89.84 मीटर का रहा. लेकिन सबसे चौंकाने वाला क्षण तब आया जब उन्होंने आखिरी थ्रो में 91.06 मीटर फेंककर न केवल नीरज को पीछे छोड़ा, बल्कि पहली बार खुद भी 90 मीटर क्लब में शामिल हो गए.
नीरज चोपड़ा का रिएक्शन
इतिहास रचने के बावजूद नीरज ने सहज भाव में प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, "मैं बहुत खुश हूं कि मैंने 90 मीटर का आंकड़ा पार किया, लेकिन यह एक कड़वा-मीठा अनुभव रहा. मेरे कोच जान जेलेज़्नी ने कहा था कि आज का दिन 90 मीटर का हो सकता है. मौसम और हवा अनुकूल थे. मैंने जूलियन से भी कहा था कि हम दोनों आज 90 मीटर पार कर सकते हैं. मैं उनके लिए भी खुश हूं."
उन्होंने आगे कहा, "मुझे विश्वास है कि मैं इससे भी दूर तक फेंक सकता हूं. हम कुछ पहलुओं पर काम करेंगे और इस सीज़न में फिर से 90 मीटर से ज्यादा थ्रो करेंगे."
जान जेलेज़्नी की कोचिंग में पहला बड़ा टूर्नामेंट
यह प्रतियोगिता नीरज का पहला बड़ा टूर्नामेंट था जहां वे चेक गणराज्य के महान भाला फेंक खिलाड़ी और वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर जान जेलेज़्नी की कोचिंग में खेल रहे थे. नीरज ने हाल ही में अपने पूर्व कोच क्लाउस बार्टोनिएट्ज़ के साथ पांच साल पुराने गठजोड़ को खत्म कर नए सफर की शुरुआत की है.
ग्रेनेडा और भारत के अन्य खिलाड़ी का प्रदर्शन
ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि भारत के किशोर जेना इस प्रतियोगिता में आठवें स्थान पर रहे. जेना ने पहले प्रयास में 68.07 मीटर फेंका, फिर दूसरे प्रयास में 78.60 मीटर तक पहुंचकर फाइनल राउंड के लिए क्वालीफाई किया, लेकिन आगे कोई खास चुनौती पेश नहीं कर सके.
90 मीटर क्लब में एशियाई उपस्थिति
नीरज से पहले एशिया से सिर्फ दो खिलाड़ी पाकिस्तान के अर्जद नदीम (92.97 मीटर) और ताइवान के चाओ-त्सुन चेंग (91.36 मीटर) इस क्लब का हिस्सा थे. अब नीरज भी इस गौरवशाली सूची में शामिल हो गए हैं.


