'सालों से दबा दर्द और...' मैरी कॉम ने पूर्व पति पर दिए विवादित बयान पर पुरुष समुदाय से मांगी माफी, जानिए पूरा विवाद
भारतीय दिग्गज मैरी कॉम ने सोशल मीडिया के जरिए सभी से माफी मांगी है. उन्होंने अपने पूर्व पति पर दिए विवादित बयान को लेकर सफाई दी और पुरुष समाज से माफी की उम्मीद की है.

नई दिल्ली: भारतीय मुक्केबाजी (Boxing) की दिग्गज मैरी कॉम इन दिनों अपने निजी जीवन से जुड़े विवाद में सुर्खियों में हैं. रिंग में अपने जोरदार पंचों से देश का नाम रोशन करने वाली इस छह बार की विश्व चैंपियन ने हाल ही में एक टॉक शो में अपने पूर्व पति ओनलर कॉम को लेकर कुछ ऐसे बयान दिए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए.
खासकर उनका यह कहना कि "एक रुपया भी नहीं कमाया" काफी चर्चा में रहा. अब मैरी कॉम ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर इस बयान की सफाई दी है और माफी भी मांगी है.
टॉक शो से हुई विवाद की शुरुआत
मैरी कॉम ने 'आप की अदालत' नामक शो में अपने निजी जीवन पर खुलकर बात की. उन्होंने भावुक होकर बताया कि शादी के दौरान उनके पूर्व पति ने आर्थिक रूप से कोई योगदान नहीं दिया. उनका बयान था कि उन्होंने "एक रुपया भी नहीं कमाया".
इस टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर काफी बहस छिड़ गई. कुछ लोगों ने इसे पूर्व पति के खिलाफ तीखा हमला माना, तो कुछ ने मैरी के दर्द को समझा. इस बयान से फुटबॉल प्रेमियों और पुरुष समुदाय में भी नाराजगी देखी गई, क्योंकि ओनलर का फुटबॉल से जुड़ाव रहा है.
मैरी कॉम की सफाई
अब मैरी कॉम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर सब कुछ स्पष्ट किया. उन्होंने कहा, "मैं यह साफ करना चाहती हूं कि मेरी शादी कभी सफल नहीं थी, ऐसा नहीं है. कई साल तक सब कुछ ठीक चला लेकिन बाद में जब भरोसा पूरी तरह टूट गया, तब चीजें बदल गईं."
मैरी ने जोर दिया कि तलाक के बाद भी उन्होंने गरिमा बनाए रखी. अप्रैल 2025 में तलाक के बाद उनके खिलाफ प्रेस रिलीज आई, लेकिन उन्होंने मीडिया या सोशल मीडिया पर कोई जवाब नहीं दिया.
बयान को गलत तरीके से पेश करने का आरोप
मैरी कॉम ने आगे कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया, जो बहुत दुखद है. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी किसी खेल या खिलाड़ियों के खिलाफ नहीं थी. वे खुद फुटबॉल से प्यार करती हैं और इसे खेलना पसंद करती हैं. मैरी ने कहा, "मैं किसी युवा फुटबॉलर या खेल बिरादरी के खिलाफ नहीं हूं. सभी की शुरुआत गली से होती है. मेहनत करने वाले ही सुनील छेत्री या भाईचुंग भूटिया जैसे बनते हैं."
उन्होंने बताया कि ओनलर ने फुटबॉल छोड़कर उनके साथ दिल्ली में मुलाकात की थी. वहीं मैरी ने पुरुष समुदाय से दिल से माफी मांगी. उन्होंने कहा कि उनका बयान सभी पुरुषों के लिए नहीं था और न ही किसी को अपमानित करने का इरादा था. सालों से दबा दर्द, अवसाद और विश्वासघात की भावनाएं बोल पड़ीं.
मैरी कॉम ने हमेशा अपने निजी मामलों को प्राइवेट रखने की कोशिश की है. रिंग के बाहर भी वे संयम और सम्मान से पेश आती रही हैं. इस सफाई से साफ है कि वे विवाद बढ़ाना नहीं चाहतीं, बल्कि गलतफहमी दूर करना चाहती हैं.


