मैच तो होना ही था... पाक के यू-टर्न पर टीम इंडिया की प्रतिक्रिया, मैच कन्फर्म होते ही आया बड़ा रिएक्शन

टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ बहिष्कार की चर्चा के बाद पाकिस्तान ने यू-टर्न लेते हुए मैच खेलने की पुष्टि की. भारतीय टीम के सहायक कोच ने कहा कि खिलाड़ियों को पहले से भरोसा था कि मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार होगा.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर पिछले कुछ दिनों से अनिश्चितता बनी हुई थी. पाकिस्तान की ओर से मैच के बहिष्कार के संकेत दिए गए थे, जिससे क्रिकेट प्रेमियों के बीच असमंजस का माहौल था. अब जब पाकिस्तान ने अपना रुख बदलते हुए मैच खेलने की पुष्टि कर दी है, तो टीम इंडिया की ओर से भी पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. सहायक कोच रेयान टेन डोएशेट ने साफ कहा कि खिलाड़ियों को पहले से ही भरोसा था कि मुकाबला जरूर होगा.

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मीडिया से बात करते हुए डोएशेट ने कहा कि टीम ने अपनी तैयारियों में कभी बदलाव नहीं किया. उनके मुताबिक, खिलाड़ियों को यकीन था कि किसी न किसी रूप में मैच होगा ही. उन्होंने कहा, “यह अच्छी बात है कि मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार होगा. हमने कभी यह नहीं सोचा कि मैच रद्द हो जाएगा, इसलिए हमारी तैयारी सामान्य रही.” उन्होंने यह भी बताया कि टीम को सोमवार देर रात आधिकारिक पुष्टि मिली. डोएशेट ने इसे एक मजबूत टीम के खिलाफ खेलने का अच्छा अवसर बताया और कहा कि इससे टीम का मनोबल बढ़ेगा.

राजनीति से दूर, फोकस सिर्फ क्रिकेट पर

रेयान टेन डोएशेट ने साफ किया कि भारतीय टीम का ध्यान केवल खेल पर है. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच का इतिहास और भावनाएं अपनी जगह हैं, लेकिन खिलाड़ियों के लिए मैदान पर प्रदर्शन ही सबसे अहम है. उन्होंने यह भी माना कि कोलंबो में खेलना चुनौतीपूर्ण हो सकता है, खासकर तब जब पाकिस्तान वहां पहले से अभ्यास कर रहा है. फिर भी भारतीय टीम का लक्ष्य अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है.

कैसे खत्म हुआ विवाद?

रविवार को लाहौर में आईसीसी प्रतिनिधियों और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बीच बैठक हुई थी. इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड प्रमुख मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से चर्चा की. सोमवार देर रात पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक रूप से ऐलान किया कि उनकी टीम भारत के खिलाफ मैच खेलेगी. 

सरकार की ओर से यह भी बताया गया कि आईसीसी के कई सदस्य बोर्ड जैसे श्रीलंका, बांग्लादेश और यूएई ने पाकिस्तान से बहिष्कार का फैसला वापस लेने का आग्रह किया था. इसके बाद अंतिम निर्णय लिया गया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag