मेसी से हैंडशेक और मुलाकात के लिए चुकाने पड़ेंगे पूरे 1 करोड़ रुपये, दिल्ली में VIP गेस्ट्स के लिए खास इंतजाम
कोलकाता में लियोनेल मेसी के कार्यक्रम की शुरुआती में हुई चूक के बाद, जहां 'सिटी ऑफ जॉय' पूरी तरह अफरा-तफरी में डूब गई थी, अब नई दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को काफी सख्त कर दिया गया है. कोलकाता में मेसी के पहले कार्यक्रम के दौरान हुई गड़बड़ियों ने सबको चौंका दिया था. इसलिए अब दिल्ली में ऐसा दोबारा न हो, इसके लिए सुरक्षा को किलेबंदी की तरह मजबूत बना दिया गया है.

नई दिल्ली: अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी अपने चार शहरों के भारत दौरे के अंतिम चरण के लिए सोमवार सुबह राजधानी दिल्ली आ रहे हैं. पिछले दो दिनों में हैदराबाद और मुंबई में फैंस का दिल जीतने के बाद अब मेसी दिल्ली में नजर आएंगे. कोलकाता में दौरे के पहले चरण के दौरान हुई अव्यवस्थाओं को देखते हुए इस बार राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं.
दिल्ली में मेसी के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है और उनके ठहरने से लेकर कार्यक्रमों तक हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है.
कहा ठहरेंगे मेसी?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, लियोनेल मेसी और उनका पूरा दल चाणक्यपुरी स्थित द लीला पैलेस होटल में ठहरेगा. उनके लिए होटल की पूरी एक मंजिल आरक्षित की गई है. मेसी और उनकी टीम प्रेसिडेंशियल सुइट्स में ठहरेंगे, जिनका किराया कथित तौर पर प्रति रात 3.5 लाख से 7 लाख रुपये के बीच बताया जा रहा है.
सूत्रों के अनुसार, होटल स्टाफ को मेसी के ठहरने से जुड़ी किसी भी जानकारी को सार्वजनिक न करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं. एयरपोर्ट से महज आधे घंटे की दूरी पर स्थित यह होटल उनकी मौजूदगी के दौरान एक तरह से किला में तब्दील रहने वाला है.
एक्सक्लूसिव ‘मीट एंड ग्रीट’ की कीमत 1 करोड़ रुपये
रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि चुनिंदा वीआईपी मेहमानों और कॉर्पोरेट क्लाइंट्स के लिए एक बंद कमरे में ‘मीट एंड ग्रीट’ का आयोजन किया गया है. इस एक्सक्लूसिव इंटरैक्शन की कीमत कथित तौर पर 1 करोड़ रुपये रखी गई है.
शीर्ष हस्तियों से करेंगे मुलाकात
दिल्ली में अपने संक्षिप्त प्रवास के दौरान लियोनेल मेसी भारत के मुख्य न्यायाधीश और कई सांसदों से मुलाकात करेंगे. हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी प्रस्तावित मुलाकात नहीं हो पाएगी, क्योंकि पीएम सोमवार सुबह ही जॉर्डन के लिए रवाना हो गए हैं. यह दौरा उनके तीन देशों इथियोपिया और ओमान सहित के विदेशी दौरे का हिस्सा है.
अरुण जेटली स्टेडियम
मेसी इसके बाद अरुण जेटली स्टेडियम जाएंगे, जहां एक विशेष फुटबॉल क्लिनिक का आयोजन किया गया है. इस दौरान वह मिनर्वा अकादमी की उन टीमों को सम्मानित करेंगे, जिन्होंने तीन यूथ ट्रॉफी अपने नाम की हैं. कार्यक्रम के तहत नौ-खिलाड़ियों का एक फुटबॉल मुकाबला भी आयोजित किया जाएगा.
पुराना किला में खेल सितारों से मुलाकात
स्टेडियम कार्यक्रम के बाद मेसी पुराना किला का दौरा करेंगे. यहां उनकी मुलाकात भारतीय खेल जगत की कई दिग्गज हस्तियों से होने की उम्मीद है, जिनमें रोहित शर्मा, पैरालंपिक भाला स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल, बॉक्सिंग वर्ल्ड चैंपियन निखत जरीन और ओलंपिक हाई जंप मेडलिस्ट निशाद कुमार शामिल हैं.
दौरे का समापन
लियोनेल मेसी शाम करीब 6:15 बजे अपने भारत दौरे का समापन करेंगे. इसके बाद वह रात लगभग 8:00 बजे देश से रवाना होंगे.


