वनडे से रोहित-विराट की विदाई! क्रिकेट फैंस को झटका, ऑस्ट्रेलिया में हो सकती है आखिरी सीरीज

रोहित शर्मा और विराट कोहली अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ संभावित आखिरी वनडे सीरीज खेल सकते हैं, जिससे भारतीय वनडे टीम में एक युग का अंत हो सकता है. बीसीसीआई भविष्य की तैयारी में युवा खिलाड़ियों को मौका देने की योजना पर काम कर रहा है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

भारतीय क्रिकेट में एक बड़े बदलाव की संभावना जताई जा रही है. टेस्ट टीम में युवाओं के हाथों में कमान सौंपे जाने के बाद अब संकेत मिल रहे हैं कि वनडे टीम में भी बदलाव का समय आ गया है. आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरा रोहित शर्मा और विराट कोहली की वनडे करियर की आखिरी सीरीज साबित हो सकता है. यदि ऐसा होता है, तो यह भारतीय क्रिकेट में एक युग के अंत की शुरुआत होगी.

टेस्ट में अपेक्षित प्रदर्शन न करने पर संन्यास 

सूत्रों के अनुसार, अगर दोनों खिलाड़ी वनडे क्रिकेट में आगे खेलना चाहते हैं, तो उन्हें विजय हजारे ट्रॉफी जैसे घरेलू टूर्नामेंटों में खेलना पड़ सकता है, जैसा उन्हें टेस्ट टीम में जगह बनाए रखने के लिए रणजी ट्रॉफी में करना पड़ा था. हालांकि, टेस्ट में अपेक्षित प्रदर्शन न कर पाने के कारण उन्हें इस प्रारूप से संन्यास लेना पड़ा.

बीसीसीआई के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि चयनकर्ता और टीम प्रबंधन 2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए टीम को युवा खिलाड़ियों के साथ आगे ले जाना चाहते हैं. इसी कारण से रोहित और कोहली को अगली वनडे योजनाओं से बाहर माना जा रहा है. दोनों पहले ही टी-20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं.

वनडे से नहीं की संन्यास की घोषणा

हालांकि दोनों ने अभी तक वनडे से संन्यास की घोषणा नहीं की है, लेकिन संभावना है कि अक्टूबर में होने वाला ऑस्ट्रेलिया दौरा उनके करियर का अंतिम अध्याय हो सकता है. तीन मैचों की इस सीरीज में पर्थ, एडिलेड और सिडनी जैसे प्रतिष्ठित मैदानों पर मुकाबले होंगे, जहां दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन हमेशा प्रभावशाली रहा है.

रोहित शर्मा ने 2007 में वनडे करियर की शुरुआत की थी और वे अब तक 273 मैचों में 11,168 रन बना चुके हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 264 रन है. वहीं विराट कोहली ने 2008 में पदार्पण किया और 302 वनडे में 14,181 रन बनाए हैं. उनके नाम वनडे में 51 शतक हैं, जो एक रिकॉर्ड है.

भारत ने आखिरी वनडे मुकाबला कब खेला? 

भारत ने आखिरी वनडे मुकाबला 9 मार्च 2025 को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था, जिसमें रोहित और कोहली शामिल थे. इसके बाद से भारत ने कोई वनडे सीरीज नहीं खेली है. रोहित और विराट की विदाई के बाद टीम में नए नेतृत्व की ज़रूरत होगी. शुभमन गिल, ईशान किशन, तिलक वर्मा और रितुराज गायकवाड़ जैसे युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है.

ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज कार्यक्रम:

19 अक्टूबर – पहला मैच (पर्थ)

23 अक्टूबर – दूसरा मैच (एडिलेड)

25 अक्टूबर – तीसरा मैच (सिडनी)

अगर रोहित और विराट इस सीरीज को अपने वनडे करियर की विदाई के रूप में चुनते हैं, तो यह भारतीय क्रिकेट के एक गौरवशाली युग का सम्मानजनक समापन होगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो