साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 में भारत की प्लेइंग 11 में होगा बड़ा बदलाव, गावस्कर ने इस मैच विनर को किया बाहर
साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 में भारत की प्लेइंग इलेवन को लेकर सुनील गावस्कर ने एक बड़ी भविष्यवाणी की है. उन्होंने के खिलाड़ी का नाम बताया है, जो इस अहम मैच से बाहर होने वाला है.

टी20 विश्व कप 2026 में भारत ने ग्रुप स्टेज का शानदार अंत किया. नीदरलैंड्स को 17 रनों से हराकर टीम ने आत्मविश्वास बढ़ाया. अब सुपर 8 का पहला मुकाबला रविवार 22 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ है. पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने इस महत्वपूर्ण मैच के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में सिर्फ एक बदलाव की भविष्यवाणी की है, जो काफी हैरान करने वाला है.
अर्शदीप सिंह बाहर, अक्षर पटेल की वापसी?
गावस्कर का मानना है कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को टीम से बाहर किया जा सकता है. यह फैसला चौंकाने वाला है क्योंकि अर्शदीप ने टूर्नामेंट में अब तक अच्छी गेंदबाजी की है. उनकी जगह अक्षर पटेल की वापसी हो सकती है.
अक्षर को नीदरलैंड्स के खिलाफ आराम दिया गया था, लेकिन अब वे सुपर 8 में जरूर खेलेंगे. गावस्कर ने कहा कि अहमदाबाद की पिच पर स्पिनरों को ज्यादा मदद नहीं मिलती, इसलिए टीम मैनेजमेंट अक्षर जैसे ऑलराउंडर पर भरोसा करेगा.
वाशिंगटन सुंदर को लेकर गावस्कर का राय
नीदरलैंड्स के खिलाफ वाशिंगटन सुंदर को पहली बार प्लेइंग इलेवन में मौका मिला. उन्होंने चार ओवर में 36 रन दिए लेकिन कोई विकेट नहीं लिया. फिर भी गावस्कर का अनुमान है कि वाशिंगटन अपनी जगह बनाए रखेंगे.
वजह यह है कि वे नंबर 8 पर बल्लेबाजी कर सकते हैं और बड़े शॉट्स खेलने की क्षमता रखते हैं. गावस्कर ने कहा, “ऐसे मैदान पर जहां टर्न कम होता है, वाशिंगटन का ऑलराउंड योगदान टीम के लिए फायदेमंद रहेगा.”
कुलदीप यादव को नहीं मिलेगा मौका
गावस्कर ने यह भी कहा कि कुलदीप यादव को इस मैच में मौका नहीं मिलेगा. अहमदाबाद की पिच स्पिनरों के लिए अनुकूल नहीं है. कुलदीप ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में भी ज्यादा मौके नहीं पाए थे. इसलिए टीम प्रबंधन वाशिंगटन को प्राथमिकता दे सकता है.
अभिषेक शर्मा को गावस्कर की सलाह
गावस्कर ने युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को भी सलाह दी. अभिषेक तीन मैचों में शून्य पर आउट हो चुके हैं. गावस्कर ने कहा कि उन पर दबाव साफ दिख रहा है. वे बड़े छक्के लगाने की कोशिश में जल्दबाजी करते हैं.
गावस्कर की सलाह है कि अभिषेक को क्रीज पर समय बिताना चाहिए. पहली गेंद पर चौका-छक्का मारने की बजाय खाता खोलें. डॉट बॉल खेलने में संकोच न करें, बाद में वे अपनी ताकत दिखा सकते हैं.


