T20 विश्व कप के महासंग्राम का आज दूसरा दिन, तीन बड़े मैचों पर क्रिकेट प्रेमियों की नजरें
T20 विश्व कप के महासंग्राम का आज दूसरा दिन है. आज तीन मैच खेले जाएंगे. अफगानिस्तान जैसी खतरनाक टीम का मुकाबला न्यूजीलैंड से होना है. वहीं इंग्लैंड बनाम नेपाल का मुकाबला मुंबई में खेला जाएगा. शाम को 7 बजे श्रीलंका का मुकाबला आयरलैंड से है.

टी20 विश्व कप के ग्रुप डी में अपने पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को रविवार को अफगानिस्तान जैसी खतरनाक और उलटफेर करने में माहिर टीम का सामना करना है. ये मुकाबला आज सुबह 11 बजे चेन्नई में खेला जाएगा. इस मुकाबले में कीवी टीम को बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिखाना होगा. विश्व कप से ठीक पहले न्यूजीलैंड का टी20 फॉर्म कुछ खास नहीं रहा है और भारत के खिलाफ हालिया सीरीज में उसे 4-1 से हार झेलनी पड़ी थी, जिससे टीम की चिंताएं बढ़ी हुई हैं.
सीफर्ट और फिन एलेन की वापसी से न्यूजीलैंड मजबूत
शीर्ष क्रम में टिम सीफर्ट और फिन एलेन की वापसी से न्यूजीलैंड को मजबूती जरूर मिली है, लेकिन रचिन रवींद्र, मार्क चैपमैन और डेवोन कॉन्वे जैसे बल्लेबाजों को जिम्मेदारी निभानी होगी. भारत के खिलाफ मध्यक्रम की नाकामी न्यूजीलैंड के लिए बड़ा सबक रही है और अफगानिस्तान के खिलाफ ऐसी कोई चूक भारी पड़ सकती है. खासकर जब इस ग्रुप में दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीम भी मौजूद है.
गेंदबाजी विभाग में भी न्यूजीलैंड को सुधार की दरकार है. भारत के खिलाफ उसके गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए थे. तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन ने उस सीरीज में सिर्फ एक मैच खेला था, लेकिन उनकी गेंदों में अतिरिक्त गति और विविधता नजर आई थी. अफगानिस्तान के खिलाफ उनसे अहम भूमिका निभाने की उम्मीद होगी. स्पिन विभाग में कप्तान मिशेल सेंटनर और अनुभवी लेग स्पिनर ईश सोढ़ी टीम का संतुलन बनाए रखने की कोशिश करेंगे.
दूसरी ओर, अफगानिस्तान की टीम आत्मविश्वास से लबरेज नजर आ रही है. हाल ही में उसने वेस्टइंडीज को टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप कर अपनी ताकत का एहसास कराया है. अफगान टीम में कई मैच विनर खिलाड़ी हैं, लेकिन सबसे बड़ा नाम राशिद खान का है. भले ही उनकी गेंदों का रहस्य पहले जैसा न रहा हो, लेकिन वह अब भी किसी भी बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस करने की क्षमता रखते हैं. उनके साथ मुजीब-उर-रहमान और नूर अहमद स्पिन आक्रमण को और घातक बनाते हैं. चेपॉक की पिच पर स्पिनरों की भूमिका अहम रहने वाली है और चूंकि मुकाबला दिन में खेला जाएगा इसलिए ओस का असर कम होगा. बल्लेबाजी में रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान और सेदिकुल्लाह अटल अफगानिस्तान की उम्मीदों का केंद्र रहेंगे.
इंग्लैंड बनाम नेपाल
इसके अलावा, ग्रुप सी में दो बार की चैंपियन इंग्लैंड रविवार को नेपाल के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी. ये मुकाबला दोपहर 3 बजे से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. कप्तान हैरी ब्रूक मैदान के बाहर की चर्चाओं को पीछे छोड़ते हुए टीम के प्रदर्शन पर पूरा फोकस रखना चाहेंगे. इंग्लैंड मजबूत तैयारी के साथ टूर्नामेंट में उतरा है, जबकि नेपाल के पास एक बार फिर बड़े उलटफेर से दुनिया का ध्यान खींचने का मौका होगा.
श्रीलंका से भिड़ेगा आयरलैंड
ग्रुप बी में श्रीलंका अपने पहले मैच में आयरलैंड से भिड़ेगा. ये मुकाबला शाम 7 बजे कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा. खराब फॉर्म से गुजर रही श्रीलंकाई टीम घरेलू दर्शकों के सामने खुद को साबित करने के इरादे से उतरेगी. इंग्लैंड के खिलाफ हालिया घरेलू टी20 सीरीज में 3-0 की हार के बाद श्रीलंका पर दबाव साफ दिख रहा है. टीम की सबसे बड़ी कमजोरी प्रदर्शन में निरंतरता की कमी रही है. खासकर दबाव के हालात में बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों लड़खड़ा जाते हैं.
12 साल पहले टी20 विश्व कप जीत चुकी श्रीलंका को घरेलू परिस्थितियों का फायदा जरूर मिलेगा, लेकिन उसे कठिन ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, जिम्बाब्वे और ओमान जैसी टीमों से सतर्क रहना होगा. कप्तान दासुन शनाका की अगुआई में टीम से हरफनमौला प्रदर्शन की उम्मीद होगी. वहीं आयरलैंड के लिए अनुभवी पॉल स्टर्लिंग, हैरी टेक्टर और जोश लिटिल अहम भूमिका निभा सकते हैं.


