चलो नमाज सिखाता हूं...मस्जिद की छत पर ले जाकर शेख ने 8 साल के बच्चे के साथ की दरिंदगी, CCTV फुटेज से हुआ खुलासा

गुजरात के अहमदाबाद से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 8 साल के बच्चे के साथ 23 साल के युवक ने मस्जिद के छत पर दरिंदगी की है. पुलिस ने मस्जिद में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं अब पीड़ित बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

अहमदाबाद : गुजरात के अहमदाबाद से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. दानिलिम्दा इलाके में एक 23 वर्षीय युवक ने एक मासूम आठ साल के बच्चे को अपनी हवस का शिकार बनाया. यह घिनौनी वारदात जुमे की नमाज के दौरान एक धार्मिक परिसर की छत पर अंजाम दी गई. इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में भारी गुस्सा और दहशत का माहौल है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा है और कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है.

नमाज सिखाने के बहाने मासूम से दरिंदगी 

आपको बता दें कि यह पूरी वारदात शुक्रवार की दोपहर को हुई जब मासूम बच्चा नमाज अदा करने के लिए मस्जिद गया था. वहां आरोपी नोमान शेख ने उसे देखा और बातचीत शुरू की. शेख उसी मोहल्ले का रहने वाला है, इसलिए बच्चा उस पर भरोसा कर बैठा. आरोपी ने मासूम को झांसा दिया कि वह उसे नमाज पढ़ने के सही तरीके और कुछ अन्य चीजें सिखाएगा. इसी बहाने वह बच्चे को फुसलाकर मस्जिद की दूसरी मंजिल स्थित छत पर ले गया और वहां घिनौना अपराध किया.

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा

इस घिनौनी करतूत का पर्दाफाश तब हुआ जब बच्चा रोते हुए घर पहुंचा और उसने अपने माता-पिता को पूरी आपबीती सुनाई. घबराए हुए परिजन तुरंत मस्जिद पहुंचे और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली. फुटेज में स्पष्ट दिखा कि नोमान शेख बच्चे को छत की ओर ले जा रहा है. वे दोनों वहां करीब 20 मिनट तक रहे. इसके बाद बच्चा वहां से भागता हुआ दिखा और आरोपी उसके पीछे आ रहा था. यही फुटेज पुलिस के लिए सबसे बड़ा सबूत बनी.

कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार हुआ आरोपी

गायकवाड़ हवेली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज होने के तुरंत बाद असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस वानी दूधहाट के नेतृत्व में पुलिस सक्रिय हुई. पुलिस ने सीसीटीवी में दिख रहे हुलिए के आधार पर आरोपी की पहचान नोमान शेख के रूप में की. इसके बाद पुलिस की कई टीमों ने इलाके में दबिश दी और कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को दबोच लिया. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.

जिंदगी से जंग लड़ रहा मासूम

आरोपी की दरिंदगी के कारण आठ वर्षीय बच्चे की शारीरिक स्थिति काफी बिगड़ गई है. उसे गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है. पुलिस के मुताबिक बच्चे का काफी खून बह चुका था और वह गहरे मानसिक सदमे में है. डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम उसकी देखभाल कर रही है. पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और वे प्रशासन से आरोपी के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहे हैं.

धार्मिक परिसरों की सुरक्षा पर सवाल

इस घटना ने धार्मिक परिसरों की सुरक्षा और बच्चों की हिफाजत को लेकर एक बड़ी बहस छेड़ दी है. दानिलिम्दा के स्थानीय लोगों ने मस्जिद प्रबंधन से भी अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करें. सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए ताकि पीड़ित को जल्द न्याय मिल सके. पुलिस अब मामले की चार्जशीट तैयार कर रही है ताकि आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जा सके और समाज में कड़ा संदेश जाए.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag