काश हम खेल पाते..., T20 वर्ल्ड कप विवाद पर बांग्लादेश को अब पछतावा, नए खेल मंत्री का आया बयान

बांग्लादेश के नए खेल मंत्री अमीनुल हक ने दिल खोलकर भारत और बीसीसीआई से रिश्ते बेहतर करने की इच्छा जताई है. टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की अनुपस्थिति को उन्होंने जल्द सुलझाने का भरोसा दिया. पड़ोसी देशों के साथ दोस्ताना रिश्ते बनाए रखने पर उन्होंने खास जोर दिया.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

बांग्लादेश में नई सरकार बनते ही क्रिकेट कूटनीति में सकारात्मक हलचल शुरू हो गई है. शपथ ग्रहण के फौरन बाद नए खेल मंत्री अमीनुल हक ने भारत के साथ चल रहे तनाव को खत्म करने की पहल की. उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की गैर-मौजूदगी के मुद्दे को बातचीत से जल्द हल करने पर जोर दिया और कहा कि पड़ोसी देशों के साथ दोस्ताना रिश्ते बनाए रखना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. यह कदम दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंधों को पटरी पर लाने की दिशा में बड़ा संकेत माना जा रहा है.

मंत्री अमीनुल हक ने संसद भवन में भारत के उप उच्चायुक्त से मुलाकात की और सौहार्दपूर्ण माहौल में चर्चा की. उन्होंने कूटनीतिक जटिलताओं को वजह बताते हुए कहा कि अगर ये मुद्दे पहले सुलझ जाते तो बांग्लादेश की टीम टूर्नामेंट में खेल सकती थी.

खेल मंत्री की मुलाकात और बयान

मंत्रिमंडल शपथ के बाद अमीनुल हक ने बताया कि उन्होंने संसद भवन में भारत के उप उच्चायुक्त से मुलाकात की. उन्होंने कहा, "मैंने उनसे टी20 वर्ल्ड कप पर चर्चा की. बातचीत सौहार्दपूर्ण रही. मैंने कहा कि हम इस मुद्दे को चर्चा के जरिए जल्दी सुलझाना चाहते हैं क्योंकि हम अपने सभी पड़ोसी देशों के साथ फ्रेंडली संबंध बनाए रखना चाहते हैं.

भारत के साथ सच्चे और दोस्ताना रिश्तों की चाह

बांग्लादेश के नए खेल मंत्री अमीनुल हक ने कहा, "खेल से लेकर अन्य सभी क्षेत्रों तक, हम भारत के साथ ईमानदार और सौहार्दपूर्ण संबंध बनाना चाहते हैं. कूटनीतिक जटिलताओं के कारण हम वर्ल्ड कप में नहीं खेल सके. अगर ये मुद्दे पहले बातचीत से सुलझा लिए जाते तो हमारी टीम हिस्सा ले सकती थी."

टी20 वर्ल्ड कप विवाद की जड़

मौजूदा पुरुष टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया. यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका में हो रहा है. पिछली सरकार ने टीम को भारत में मैच खेलने से मना कर दिया था और सिर्फ श्रीलंका में खेलने की बात कही थी. इसके पीछे सुरक्षा और भू-राजनीतिक तनाव को वजह बताया गया, जिसमें पाकिस्तान के प्रभाव की भी चर्चा हुई. विवाद तब शुरू हुआ जब भारत सरकार ने आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स से बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को हटाने को कहा. इसके बाद मामला बढ़ा और आईसीसी ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया.

राहत और आगे की उम्मीदें

बांग्लादेश के लिए अच्छी खबर यह रही कि 9 फरवरी को आईसीसी ने कहा कि भारत में मैच न खेलने पर कोई सजा नहीं होगी. साथ ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को 2031 पुरुष वनडे विश्व कप से पहले एक विशेष आईसीसी इवेंट मेजबान करने का हक मिला. 2031 विश्व कप भारत और बांग्लादेश मिलकर होस्ट करेंगे.इस साल सितंबर में भारत की टीम बांग्लादेश दौरे पर जा सकती है, जहां तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेले जाएंगे. यह सीरीज अगस्त 2025 से टली हुई थी, लेकिन घोषणा विवाद से पहले हो चुकी थी. नई सरकार के साथ अब क्रिकेट मैदान पर सहयोग की नई उम्मीद जगी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag