उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने राजद पर लगाया काफिले पर हमले का आरोप, कहा- इनकी छत्ती पर बुलडोजर चलेगा
बिहार चुनाव में मतदान के दौरान लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर कथित हमले के बाद राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है. विजय सिन्हा ने हमले के लिए राष्ट्रीय जनता दल को जिम्मेदार ठहराया.

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर कथित हमले के बाद राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है. भारतीय जनता पार्टी के नेता और लखीसराय सीट से एनडीए उम्मीदवार विजय सिन्हा ने इस हमले के लिए सीधे तौर पर राष्ट्रीय जनता दल को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि एनडीए की सरकार बनने पर ऐसे “गुंडों” के खिलाफ बुलडोजर चलेगा.
विजय सिन्हा ने राजद को घेरा
विजय सिन्हा ने कहा कि ये राजद के गुंडे हैं. एनडीए सत्ता में आने वाली है और इनकी अराजकता का अंत होगा. खोरियारी गांव के बूथ नंबर 404 और 405 पर उन्होंने मेरे पोलिंग एजेंट को धमकाकर भगा दिया और वोट नहीं डालने दिया. वे मुझे गांव में प्रवेश तक नहीं करने दे रहे हैं. ये लोग सत्ता से बाहर रहकर भी हिंसा फैला रहे हैं.
#WATCH | Deputy CM and BJP candidate from Lakhisarai constituency, Vijay Kumar Sinha says, "These are the goons of RJD. Satta mein aa rahi hai NDA isliye inke chhati pe bulldozer chalega. The goons are not letting me visit the village. Vijay Sinha is going to win...They turned… https://t.co/4uKBAq7bC0 pic.twitter.com/kY3Ti6Qzl0
— ANI (@ANI) November 6, 2025
घटना के दौरान उपमुख्यमंत्री के काफिले पर गोबर और पत्थर फेंके गए और मुर्दाबाद के नारे लगाए गए. इस कारण इलाके में तनाव फैल गया और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा. घटना उस समय हुई जब प्रदेश में पहले चरण का मतदान चल रहा था.
भाजपा और एनडीए ने इस हमले को लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर हमला बताते हुए राजद पर चुनावी हिंसा फैलाने का आरोप लगाया है. वहीं, राजद ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए पलटवार किया. पार्टी के प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा कि विजय सिन्हा झूठ बोल रहे हैं. उन्हें ज़ेड+ सुरक्षा मिली हुई है, उनकी ही पार्टी की सरकार है, फिर भी वे खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश कर रहे हैं. यह सब राजनीतिक सहानुभूति बटोरने का ड्रामा है.
भारत निर्वाचन आयोग ने घटना का लिया संज्ञान
इस बीच, भारत निर्वाचन आयोग ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने स्पष्ट किया कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे.
लखीसराय के एसपी अजय कुमार ने बताया कि इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है. उन्होंने कहा कि हमें जानकारी मिली है कि कुछ लोग टूटी सड़कों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. हम मौके का निरीक्षण कर रहे हैं, जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी.


