सीएम मान ने सिंगापुर प्रशिक्षण के लिए प्रिंसिपलों के आठवें बैच को किया रवाना

पंजाब सीएम भगवंत मान ने शनिवार को राज्य के सरकारी स्कूलों के 30 प्रिंसिपलों के आठवें बैच को प्रशिक्षण के लिए सिंगापुर रवाना किया.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को राज्य के सरकारी स्कूलों के 30 प्रिंसिपलों के आठवें बैच को प्रशिक्षण के लिए सिंगापुर रवाना किया. ये सभी प्रिंसिपल 8 से 14 मार्च तक सिंगापुर की प्रिंसिपल अकादमी में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे. 

मुख्यमंत्री मान ने क्या कहा?  

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य शिक्षकों और स्कूल प्रमुखों को वैश्विक शिक्षा प्रणाली से परिचित कराना और पंजाब की सरकारी शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल स्कूलों की इमारतें खड़ी करना नहीं है, बल्कि बच्चों को विश्व स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है. इसी सोच के तहत शिक्षकों और प्रिंसिपलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भेजा जा रहा है, ताकि वे आधुनिक शिक्षा पद्धतियों और नए शिक्षण तरीकों को समझ सकें. उन्होंने कहा कि इससे शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आएगा और विद्यार्थियों को बेहतर सीखने का माहौल मिलेगा.

सरकार के अनुसार अब तक 234 प्रिंसिपलों और शिक्षा अधिकारियों के आठ बैचों को सिंगापुर में प्रशिक्षण के लिए भेजा जा चुका है. इसके लिए पूरी तरह पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाई गई है. जिला शिक्षा अधिकारियों द्वारा चुने गए प्रिंसिपलों का सत्यापन भी किया गया, जिसके बाद उन्हें इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल किया गया. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ये प्रिंसिपल अपने अनुभव अन्य शिक्षकों और छात्रों के साथ साझा करते हैं, जिससे स्कूलों में नई सोच और बेहतर शिक्षण पद्धतियां लागू हो सकें.

शिक्षा को लेकर क्या बोले सीएम? 

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं. भारत सरकार द्वारा कराए गए नेशनल अचीवमेंट सर्वे में पंजाब के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केरल को पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल किया है. उन्होंने बताया कि छात्रों को सेना की तैयारी के साथ-साथ नीट, जेईई, क्लैट और निफ्ट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी विशेष कोचिंग दी जा रही है. स्कूल ऑफ एमिनेंस और अन्य सरकारी स्कूलों के लगभग 300 छात्रों ने जेईई मेन्स, जेईई एडवांस्ड और नीट जैसी परीक्षाओं के लिए योग्यता हासिल की है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में किसी व्यक्ति की समृद्धि उसकी संपत्ति से नहीं बल्कि उसके बच्चों को मिली शिक्षा से आंकी जाएगी. इसलिए राज्य सरकार हर बच्चे को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर पंजाब के एक किसान की बेटी ने यूपीएससी परीक्षा में 15वां स्थान हासिल किया है, जो पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है.

राजनीतिक मुद्दों पर दी प्रतिक्रिया 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिजली (संशोधन) विधेयक 2025 का कड़ा विरोध करेगी क्योंकि यह राज्यों के अधिकारों में हस्तक्षेप करता है. उन्होंने विपक्षी दलों और अकाली नेता सुखबीर सिंह बादल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब के लोग अब विकास और बेहतर शासन की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं.

मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच वहां फंसे पंजाब के 385 लोगों की पहचान की जा चुकी है, जिनमें से लगभग 300 संयुक्त अरब अमीरात में हैं. राज्य सरकार उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार के संपर्क में है.

उन्होंने यह भी कहा कि 20 मार्च को टाटा स्टील का लगभग 3,200 करोड़ रुपये का बड़ा प्रोजेक्ट शुरू होने जा रहा है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी. इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag