झारखंड कांग्रेस के पूर्व सांसद तिलकधारी सिंह का निधन, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस नेता तिलकधारी सिंह का निधन हो गया. वे 1980 में धनवार विधानसभा सीट से विधायक बने थे. इसके बाद उन्होंने 1984 और 1999 में कोडरमा लोकसभा सीट से सांसद के रूप में जीत हासिल की थी. झारखंड की राजनीति में उनका योगदान याद किया जाएगा.

Tilakdhari Singh Death News: झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद तिलकधारी सिंह का सोमवार, 21 अप्रैल को निधन हो गया. वे 87 साल के थे और झारखंड के गिरिडीह जिले के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली. अस्पताल के मुताबिक वे डायबिटीज (मधुमेह) और कुछ दूसरी बीमारियों से पीड़ित थे.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा,
“पूर्व लोकसभा सांसद तिलकधारी सिंह के निधन की दुखद खबर मिली. वे जन-जन के नेता थे. उनका जाना झारखंड की राजनीति के लिए बहुत बड़ी क्षति है.” उन्होंने यह भी कहा कि भगवान मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति दे और शोक में डूबे परिवार को हिम्मत दे.
कांग्रेस अध्यक्ष ने दी श्रद्धांजलि
झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने तिलकधारी सिंह को एक जमीनी नेता बताया. उन्होंने कहा कि सिंह जी ने मुखिया से सांसद तक का लंबा और संघर्षपूर्ण सफर तय किया.
उन्होंने दो बार कोडरमा लोकसभा सीट पर कांग्रेस के लिए जीत हासिल की. उन्होंने कहा कि, “उनकी कमी को पूरा करना बेहद मुश्किल होगा.”
राजनीतिक सफर
- तिलकधारी सिंह गिरिडीह जिले के देवरी प्रखंड के चतरो गांव के रहने वाले थे.
- 1977 में वे कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बने.
- 1980 में उन्हें धनवार विधानसभा सीट से विधायक चुना गया.
- इसके बाद वे 1984 और 1999 में कोडरमा लोकसभा सीट से सांसद बने.
- उन्होंने हमेशा सादगी और जनता से जुड़ाव के साथ राजनीति की.


